शाहरुख खान क्यों है मैड के लिए मैड!

सलमान खान ने कुछ समय पहले आई पुलकित सम्राट की फिल्म ओ तेरी को प्रमोट किया, जिसकी वजह से मीडिया ने भी ओ तेरी के प्रमोशन में बढ़चढ़कर भाग लिया। इसके बाद आमिर खान ने हाल ही में जैकी श्रॉफ के बेटे टाइगर श्रॉफ की फिल्म हीरोपंती को प्रमोट किया। हालांकि ये दोनों ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकीं। और अब शाहरुख खान पहली बार किसी नये एक्टर की फिल्म को प्रमोट कर रहे हैं और वो हैं साहिल प्रेम।
साहिल प्रेम की मां को शाहरुख काफी पहले से जानते थे। साहिल ने फिल्म रागिनी एमएमएस 2 से बतौर एक्टर अपने करियर की शुरुआत की और अब वो बतौर निर्देशक, निर्माता, एक्टर अपनी फिल्म मैड रिलीज करने जा रहे हैं। मैड डांस पर आधारित फिल्म है जिसमें डांस की कई सारी नयी विधाओं को दिखाया जाएगा। फिल्म की कहानी भी साहिल प्रेम ने ही लिखी है।
वनइंडिया के साथ हुए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू के दौरान साहिल प्रेम ने शाहरुख खान के बारे में पूछे जाने पर कहा- "शाहरुख का मैं बहुत बड़ा फैन हूं। शाहरुख ऐसे ही किसी के कहने पर उसे इंटरव्यू नहीं दे देते, या फिर किसी से मिलते नहीं और ना ही किसी चीज को प्रमोट करते हैं। ये पहली बार है कि शाहरुख किसी नये टैलेंट की फिल्म को प्रमोट कर रहे हैं क्योंकि उन्हें हमपर भरोसा है। उन्होंने कुछ देखा जिसपर उन्हें यकीन हुआ और इसलिए वो हमारी फिल्म को प्रमोट कर रहे हैं। मैं बहुत ही खुश हूं कि शाहरुख जैसे सुपरस्टार मेरी फिल्म से जुड़े और इससे मैड को काफी फायदा भी मिला है।"


Click it and Unblock the Notifications