बिहार में Pathaan का विरोध कर रहे एक युवक ने सिनेमाघर में फाड़ दिया स्क्रीन, 5 लाख से ऊपर का नुकसान

Protest against Pathaan: सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी फिल्म 'पठान' को रिलीज हुए लगभग दो हफ्ते दो चुके हैं, लेकिन देश के कुछ हिस्सों में फिल्म को लेकर अभी भी विरोध जारी है। ऐसा ही कुछ मामला देखने को मिला बिहार में। जहां सुपरस्टार शाहरुख खान की फिल्म के विरोध में एक व्यक्ति ने बिहार के बेतिया में एक सिनेमा हॉल की स्क्रीन फाड़ दी।
यह घटना जिले के चनपटिया ब्लॉक स्थित लाल टॉकीज में मंगलवार को शाम के शो (शाम छह से नौ बजे) के दौरान हुई। रिपोर्ट्स की मानें तो पर्दा फाड़ने के बाद आरोपी अपने एक दोस्त के साथ फरार हो गया। स्थानीय पुलिस ने आरोपी के दो दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि चार युवक लाल टॉकीज में फिल्म देखने गए थे। जब फिल्म चल रही थी, तब उनमें से एक युवक स्क्रीन के पास गया और चाकू से उसे काट दिया। घटना के बाद थियेटर में भारी अफरातफरी मच गई। थियेटर के संचालकों ने शो रद्द कर दिया। हॉल में मौजूद लोगों ने अपराधी के दो दोस्तों को पकड़ लिया और स्थानीय पुलिस को सौंप दिया।
चनपटिया थाने के एक अधिकारी ने कहा, "हम मुख्य आरोपी की पहचान करने के लिए गिरफ्तार लोगों से पूछताछ कर रहे हैं। वह फरार है।"
बता दें, इस घटना से सिनेमाघर के मालिक को 5 लाख का नुकसान पहुंचा है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। बहरहाल, इधर पठान शानदार कलेक्शन के साथ ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर बन चुकी है। फिल्म ने वर्ल्डवाइड 850 करोड़ से ऊपर की कमाई कर ली है।


Click it and Unblock the Notifications