क्या पठान की जोरदार सफलता के बाद शाहरुख खान करेंगे ये काम? दीपिका भी देंगी उनका साथ

शाहरुख खान स्टारर पठान बॉक्स ऑफिस पर छप्पर फाड़ कमाई कर रही है। बिना प्रमोशन किए भी फिल्म महज 5 दिन में 200 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है और अब फिल्म का बजट भी रिकवर हो गया है। यानी फिल्म अब सिर्फ प्रॉफिट कमाएगी। शाहरुख खान ने चार सालों के बाद सिनेमाघरों में वापसी की है। ऐसे में उनके फैंस को उम्मीद थी कि वो प्रमोशन करेंगे और इंटरव्यू भी देंगे लेकिन उन्होंने ऐसा कुछ नहीं किया।
लेकिन, अब पठान की सफलता के बाद ऐसी खबरें आ रही है कि शाहरुख खान मीडिया से जल्द ही मुखातिब हो सकते हैं। कई मीडिया रिपोर्ट की मानें तो शाहरुख खान प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के लिए राजी हो गए हैं और जल्द ही वो मीडिया से मुलाकात करेंगे। इस दौरान 'पठान' की पूरी टीम भी उनके साथ मौजूद रहेगी। बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के अनुसार शाहरुख खान आज ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं।
इस दौरान उनके साथ फिल्म के निर्देशक सिद्धार्थ आनंद, अभिनेत्री दीपिका पादुकोण और अभिनेता जॉन अब्राहम भी मौजूद रहेंगे। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस एक बड़े इवेंट की तरह ऑर्गेनाइज किया जाएगा। इस खबर की चर्चा सोशल मीडिया पर भी हो रही है। शाहरुख खान के फैंस को भी इंतजार है कि शाहरुख खान मीडिया के सामने आकर फिल्म के बारे में बात करें।

जब शाहरुख ने कहा- 'शेर इंटरव्यू नहीं देते'
वहीं, ट्विटर पर #AskSRK के दौरान जब एक यूजर ने शाहरुख खान से कहा था कि बिना इंटरव्यू के उनकी फिल्म इतनी बड़ी हिट हो गई है। इस पर शाहरुख खान ने रिप्लाई किया था- 'शेर इंटरव्यू नहीं देते, मैंने भी सोचा नहीं दूंगा, जंगल में आकर बस देख लो।'

धुआंधार कमाई
बता दें कि फिल्म 25 जनवरी को रिलीज हुई थी। उम्मीद की जा रही है कि फिल्म आज 250 करोड़ का आंकड़ा पार कर लेगी। वहीं, वर्ल्डवाइड भी फिल्म की कमाई 400 से अधिक हो चुकी है। शनिवार और रविवार को भी फिल्म ने शानदार कमाई की है। इतना ही नहीं, 'पठान' पहली ऐसी फिल्म बन गई है जिसने बॉक्स ऑफिस पर तीन दिन 50 करोड़ का आंकड़ा पार किया है।

इसलिए नहीं किया प्रमोशन
बता दें कि, 'पठान' की रिलीज से पहले फिल्म का प्रमोशन और इंटरव्यू एक योजना के तहत नहीं किया गया था। सिद्धार्थ आनंद ने कंफर्म किया था कि शाहरुख खान की वापसी को लेकर उत्साह बना रहे इसलिए ऐसी योजना बनाई गई थी। लेकिन अब फिल्म का प्रमोशन जोर-शोर से शुरू किया जाएगा ताकि और भी अधिक लोग सिनेमाघरों तक पहुंचे।


Click it and Unblock the Notifications