ब्रेकिंग न्यूज: शाहरूख खान हुए लापता
अरे..क्या हुआ आप सभी लोग परेशान हो गये क्या? नहीं नहीं आपके किंग खान को किसी ने लापता नहीं किया है लेकिन यह सच है कि शाहरूख खान कहीं खो गये हैं। अब आप पूछेंगे कि कैसे तो चलिए हम बता देते हैं।दरअसल जिस शाहरूख खान को हम पसंद करते हैं और जो शाहरूख लोगों के दिलों में धड़कता है वो तो बहुत प्यारा, रोमांटिक और लविंग है।
वो तो 'परदेश' में भी 'मोहब्बतें' फैलाता है और उसकी 'चाहत' से तो 'दिल पागल हो जाता' है और कभी-कभी तो आलम यह होता है कि उसके प्यार से लोगों को 'डर' भी लगने लगता है और जिसके चलते 'अंजाम' यह होता है कि इंसान 'बाजीगर' बन जाता है। जिस क्यूट शाहरूख को हम प्यार करते हैं उससे तो 'चलते-चलते' भी मुहब्बत हो जाती है।
सरहद पार भी वो अपने प्यार को अंजाम देने के लिए 'वीर' के रूप में सलाखों के पीछे चला जाता है और बड़ी ही खूबसूरती से 'दिलवालों की दुल्हनिया' ले आता है। वो शाहरूख दिलों का 'बादशाह' है तो कभी प्यार की नाकामी उसे 'देवदास' भी बना देती है तो कभी जवां दिलों से जाकर वो पूछता है कि 'कुछ कुछ होता है क्या'..।
अब तो आप समझ ही गये होंगे कि हम क्या कहना चाह रहे हैं? जी हां यह जो बानगी हमने आपके सामने पेश की है वो शाहरूख के लविंग फेस की है जिसे लोग आज भी तहे दिल से चाहते हैं जिसका साफ उदाहरण यह है कि इनमें से कोई भी फिल्म आज भी जब टीवी चैनलों पर आती है लोग स्क्रीन से हटने का नाम नहीं लेते हैं।
लेकिन वो ही शाहरूख खान जब 'डॉन' बनता है या 'रा वन' के रूप में होता है तो वो लोगों को रास नहीं आता। अजब बात है कि जब 'दिल से' और 'डर' में वो एक्शन करता है तो लड़कियां और लड़के कॉलेज छोड़कर सिनेमा घर जाते हैं लेकिन वो ही किंग खान जब 'अशोका' बनता है तो लोग उसे नौटंकी छाप कहते हैं।
कहने का मतलब सिर्फ इतना ही है कि शाहरूख खान की दीवानगी लोगों को समझ में आती है और वो उसे 'दीवाना' कहने को तैयार भी है लेकिन जब वो ही खान खूंखारपन से पर्दे पर चिल्लाता है तो वो लोगों को अच्छा नहीं लगता है। इसी कारण शाहरूख की फिल्मों ने पिछले 3-4 सालों में कोई बड़ा धमाका नहीं किया है। फिल्में आती है और चली जाती हैं जो यहां नहीं चलती हैं उन्हें विदेशों में अच्छा बिजनेस करने वाला बताकर आलोचकों को शांत करा दिया जाता है।
इसलिए आज सब अपने प्यारे शाहरूख खान को खोज रहे हैं क्योंकि वो शाहरूख जो कहता है 'चक दे इंडिया' वो कहीं गुम हो गया है। एक उम्मीद जगी है कि शायद जिस मोहिल बादशाह खान को जनता खोज रही है वो यश चोपड़ा जी को मिल गया है और वो उसे अपनी आने वाली फिल्म 'जब तक है जान'...के जरिये लोगों के सामने पेश करेंगे। प्रेम के फसाने को यश जी से अच्छा कोई नहीं बयां कर पाया है ऐसे में उम्मीद की जा सकती है वो उस शाहरूख को लोगों के सामने लाने में सफल होंगे जो लोगों से कहता है कि 'होंगे जुदा ना हम..कभी खुशी कभी गम' और जब हार्ट के ब्रेक की बात हुई तो न्यूज ब्रेकिंग हुई ना।


Click it and Unblock the Notifications
