शाहरूख की बेटी सलमान संग काम करना चाहती है
चौंक गये ना..लेकिन यह बात पूरी तरह से सही है कि शाहरूख की बेटी सलमान खान के साथ काम करना चाहती है। अब आप सोच रहे होंगे कि शाहरूख को .यह बात बर्दाश्त कैसे हो रही है तो चलिए हम आपकी परेशानी दूर कर देते हैं। दरअसल हम बात कर रहे हैं शाहरूख की रील लाइफ बेटी अंजली खन्ना की।
याद आया आपको... सन 1998 में एक बेहद खूबसूरत फिल्म आयी थी जिसका नाम था कुछ कुछ होता है.. जिसे शाहरूख के हर दिल अजीज मित्र करण जौहर ने निर्देशित किया था। फिल्म में एक आठ साल की बच्ची थी जिसका नाम था अंजली खन्ना। जी हां वो ही अंजली खन्ना जिसका असली नाम साना सईद है और जो कि अब 24 साल की खूबसूरत अभिनेत्री बन चुकी है, ने करण जौहर की ही हिट फिल्म स्टूंडेंट ऑफ द ईयर से वापसी की है, फिल्म में उन्होंने सहनायिका की भूमिका निभायी है। साना ने कहा है कि वो एक बार फिर से सलमान और शाहरूख के साथ काम करना चाहती है।
उन्होंने फिल्म कुछ कुछ होता है में दोनों कलाकारों के साथ काम किया था। साना ने कहा कि दोनों ही बेहतरीन कलाकार है जिनकी जितनी तारीफ की जाये बेहद कम है। वो अब इस उम्र में शाहरूख और सलमान दोनों के साथ एक बार फिर से स्क्रीन शेयर करना चाहती हैं। उन्हें उम्मीद है कि उनकी यह ख्वाहिश एक दिन जरूर पूरी होगी।
खैर वर्तमान में शाहरूख-सलमान एक-दूसरे की शक्ल भी देखना नहीं चाहते हैं लेकिन साल 1998 में यह बात नहीं थी तब किसी ने नहीं सोचा था कि एक दिन ऐसा भी आयेगा कि दोनों एक दूसरे के दुश्मन हो जायेंगे इसलिए यह आशा छोड़ देना कि दोनों फिर से साथ नहीं हो सकते हैं गलत होगा। ऊपर वाले से हम भी दुआ करते हैं कि साना की यह इच्छा जल्द से जल्द पूरी हो जिससे दोनों को चाहने वालों को एक बार फिर से अच्छी फिल्म देखने को मिले।

Click it and Unblock the Notifications
