Happy NEW Year: अब चीनी बोलेंगे..दिल से नाचें इंडियावाले
फराह खान की सुपरहिट फिल्म 'हैप्पी न्यू ईयर' 12 फरवरी को चीन में रिलीज होने वाली है। जी हां, फिल्म चीन के 5,000 सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो रही है। आपको बता शाहरूख खान और दीपिका पादुकोण स्टारर यह फिल्म पिछले साल अक्टूबर में रिलीज हुई थी और भारत में फिल्म ने 100 करोड़ से ज्यादा का कारोबार किया था।
निर्माताओं के अनुसार, इस फिल्म को दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संचार को बढ़ावा देने के इरादे से प्रदर्शित की जा रही है। फिल्म प्रोडक्शन कंपनी रेड चिली एंटरटेंमेंट प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले बनी 'हैप्पी न्यू ईयर' को चीन के स्टेट एडमिनिस्ट्रेशन ऑफ रेडियो, फिल्म एंड टेलीविजन ने देश भर में प्रदर्शन के लिए एक जनवरी 2015 को स्वीकृति दे दी है।
पढ़ें- सितारों की वजह से चमक रही है 'हैप्पी न्यू ईयर'
गौरतलब है कि, चीन में 'हैप्पी न्यू ईयर' के वितरक यश राज फिल्म्स और 1905 पिक्चर्स (चाइना सेंट्रल टेलीविजन मूवी चैनल की वितरक शाखा) चाइना फिल्म ग्रुप के साथ मिलकर करेंगे। वहीं, 'हैप्पी न्यू ईयर' को बीजिंग इंटरनेशनल फिल्म फेस्टीवल में भी दिखाया जाएगा।
एक बयान के अनुसार, 'हैप्पी न्यू ईयर चीन में रिलीज हो रही इस साल की पहली भारतीय फिल्म है। यश राज फिल्म्स के अंतर्राष्ट्रीय मामलों उपाध्यक्ष अवतार पानेसर ने कहा कि, हमें गर्व है कि हम सर्वश्रेष्ठ भारतीय फिल्म को एक नए मंच पर ले जा रहे हैं। बहरहाल, अब यह देखना दिलचस्प होगा कि चीन के दर्शकों से इस फिल्म को कितना प्यार मिलता है।
'हैप्पी न्यू ईयर' में शाहरुख खान समेत दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, बोमन ईरानी, सोनू सूद, विवान शाह और जैकी श्राफ ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं।


Click it and Unblock the Notifications
