'वाइप आउट' लेकर टीवी पर लौटे शाहरुख खान
शाहरुख खान और टीवी का नाता पुराना रहा है। 'फौजी' से टीवी की दुनिया में अपनी पहचान बनाने वाले शाहरुख खान उस सीरियल का एक आम चेहरा थे। किसे पता था कि यही 'फौजी' एक दिन किंग खान बन जाएगा। फौजी के बाद शाहरुख खान दिशे 'सर्कस' में। लेकिन सर्कस में भी उस समय के टीवी कलाकारों की भरमार थी। शाहरुख वहां भी एक जाना-पहचाना चेहरा भर थे। शाहरुख के दिन फिरे थे फिल्म 'दीवाना' से। उसके बाद आई 'बाजीगर' और फिर शाहरुख ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।
बॉलीवुड में किंग खान के रूप में स्थापित होने के बाद शाहरुख ने एक बार फिर छोटे पर्दे की ओर रुख किया। केबीसी को नया चेहरा देने के लिए सोनी की पहली पसंद बने शाहरुख खान। शाहरुख के सारे फिल्मी लटके-झटकों के बाद भी केबीसी अमिताभ बच्चन जैसी सफलता शाहरुख खान के दौर में नही पा पाया। थक-हार कर सोनी ने केबीसी फिर अमिताभ को थमा दिया। इसके बाद भी शाहरुख ने हार नहीं मानी और क्या आप पांचवी पास से तेज हैं लेकर टीवी दर्शकों के पास फिर पहुंच गए। इस बार फिर दर्शकों ने उन्हे कोई खास तवज्जो नहीं दी।
शाहरुख के जज्बे के भी सलाम करना पड़ेगा। टीवी दर्शकों द्वारा बार-बार नकारे जाने के बाद भी शाहरुख एक बार फिर छोटे पर्दे पर धमकने वाले हैं। ये एक रिएलिटी शो है। यह 'वाइपआउट सिरीज' का भरतीय संस्करण होगा। वैसे भी इस समय टीवी पर रिएलिटी शोज की बाढ़ आई हुई है। यह शो एनडीटीवी इमैजिन पर आएगा। चैनल के हेड समीर नायर ने शाहरुख को इस रोल के लिए चुना है। समीर और शाहरुख अच्छे दोस्त हैं। अब देखते हैं कि शाहरुख का वाइपआउट टीवी दर्शक स्वीकारेंगे या एक बार फिर उन्हे खारिज कर देंगे।


Click it and Unblock the Notifications