Shahrukh Khan at KIFF: किंग खान का हुआ जोरदार स्वागत, सौरव गांगुली बोले- जल्द पुराना SRK देखने मिलेगा

Shahrukh Khan: शाहरुख खान कोलकाता इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (KIFF) में शामिल होने के लिए आज कोलकाता पहुंचे। कोलकाता में किंग खान का जोरदार स्वागत किया गया। एयरपोर्ट पर उनकी एक झलक देखने के लिए लोगों की भीड़ तक उमड़ पड़ी। एक्टर आज KIFF की ओपनिंग समारोह में हिस्सा लेने के लिए कोलकाता पहुंचे हैं। इस समारोह में शाहरुख खान के अलावा अमिताभ बच्चन, रानी मुखर्जी और जया बच्चन जैसे स्टार्स भी शामिल हुए।
वहीं, फिल्मी सितारों के अलावा सौरभ गांगुली भी KIFF में पहुंचे और इस दौरान उन्होंने शाहरुख खान की जमकर तारीफ की। KIFF के मंच से शाहरुख खान के बारे में बात करते हुए सौरव गांगुली ने कहा- 'कोलकाता से शाहरुख खान का संबंध फिल्मों के अलावा भी है। अगले कुछ महीनों में उनकी फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होगी और हमें यकीन है कि पुराना एसआरके जल्द ही देखने को मिलेगा।'
सौरव गांगुली के बयान का यह वीडियो सोशल मीडिया पर धड़ल्ले से वायरल हो रहा है। बता दें कि, आईपीएल में शाहरुख खान कोलकाता नाइट राइडर्स टीम के मालिक हैं और इस वजह से वो अक्सर टूर्नामेंट के दौरान वो कोलकाता आते हैं और हमेशा इस शहर की तारीफ करते हैं। वहीं, समारोह में शत्रुघ्न सिन्हा ने भी शाहरुख खान की तारीफ की है।
शत्रुघ्न सिन्हा ने मंच पर कहा है- 'शाहरुख खान को भी शाहरुख खान कहने की जरूरत नहीं है। आप नेशनल स्टार कह दीजिए, वो शाहरुख खान होगा।' शाहरुख खान को ओपनिंग समारोह के दौरान सम्मानित भी किया गया है। स्टेज पर शाहरुख खान के साथ पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और रानी मुखर्जी भी नजर आ रही हैं।
बता दें कि, शाहरुख खान इन दिनों अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'पठान' के गाने 'बेशरम रंग' को लेकर चर्चा में हैं। दरअसल, इस गाने के कई हिस्सों में दीपिका पादुकोण ने बिकिनी पहनी है। वहीं, एक सीन में उन्होंने केसरिया रंग की बिकिनी पहनी है जिस पर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। कहा जा रहा है कि यह जानबूझकर हिंदुओं की भावना को आहत करने के लिए किया गया है। 'पठान' 25 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।


Click it and Unblock the Notifications











