हैदर और बैंग बैंग दोनों बॉक्स ऑफिस पर करेंगी रॉक- शाहिद कपूर
शाहिद कपूर की फिल्म हैदर और रितिक रौशन की बैंग बैंग दोनों ही फिल्में एक ही दिन बॉक्स ऑफिस पर रिलीज होने वाली हैं। एक तरफ हैदर है जिसमें शाहिद कपूर, तब्बू, इरफान खान जैसे बड़े और उम्दा कलाकार हैं तो वहीं दूसरी तरफ रितिक रौशन और कैटरीना कैफ की हैपनिंग जोड़ी की फिल्म बैंग बैंग है। तुलना की जाए तो बज के हिसाब से बैंग बैंग को लेकर लोगों में ज्यादा उत्सुकता है क्योंकि ये रितिक रौशन और कैटरीना कैफ की फिल्म है।
बैंग बैंग के ट्रेलर ने भी यू ट्यूब पर एक नया ही रिकॉर्ड बनाया, वहीं हैदर को लेकर लोग उत्सुक तो हैं लेकिन इस फिल्म के अपने दर्शक हैं जो कि ऐसी फिल्मों को पसंद करते हैं। हैदर एक मास ऑडियंस वाली फिल्म नहीं है और शायद यही वजह है कि हैदर को लेकर कुछ खास बज़ नहीं है। ऐसे में फिल्मी एनालिटिक्स के अनुसार हमेशा की ही तरह बड़ी व ज्यादा चर्चा बटोर रही फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई करेगी और वहीं दूसरी फिल्म को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
लेकिन शाहिद कपूर अपनी फिल्म हैदर को लेकर काफी आश्वस्त हैं। शाहिद का कहना है कि हैदर फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई करेगी और बैंग बैंग के साथ रिलीज होने से हैदर को कोई नुकसान नहीं होगा। जब बैंग बैंग का ट्रेलर लॉंच हुआ तो शाहिद कपूर ने उसी दिन रितिक रौशन को ट्वीट किया- "रितिक अपने स्टाइल में धमाका कर रहे हो भाई..बैंग ऑन।" इसके जवाब में रितिक ने ट्वीट किया- "मेरे भाई, दोनों मिलकर धमाका करेंगे।"
तो देखते हैं शाहिद का यकीन वास्तविकता में कितना सही साबित होता है और बैंग बैंग के सामने हैदर बॉक्स ऑफिस पर कितनी मजबूती से टिकी रह पाती है।


Click it and Unblock the Notifications
