आमिर को फॉलो कर रहे हैं शाहिद

शाहिद ने आगामी फिल्म 'पाठशाला' में एक छोटा रोल करके फिल्म को डाक्यूमेंट्री बनने से बचा लिया। जनाब ऐसा हम नहीं फिल्म के निर्माता कह रहे हैं। फिल्म पाठशाला के निर्माता अहमद खान ने कहा, "यदि पाठशाला में शाहिद नहीं होते तो यह डाक्यूमेंट्री फिल्म बन जाती। पाठशाला में शाहिद के हिस्से सिर्फ 40 मिनट के दृश्य आ रहे हैं।
फिल्म की विषयवस्तु काफी गंभीर है लेकिन दर्शक केवल बच्चे के नाम पर फिल्म नहीं देखेंगे।" निर्माता के तौर पर खान की यह पहली फिल्म है। उन्होंने कहा कि कई लोग बच्चों को लेकर फिल्म बनाते हैं लेकिन सभी में स्टार कलाकार जरूर होते हैं। खान अपनी फिल्म की तुलना आमिर खान की सुपरहिट फिल्म तारे जमीं पर से करते नजर आए।
खान ने कहा कि यदि फिल्म 'तारें जमीं पर' में अभिनेता आमिर खान नहीं होते तो उसे इतनी लोकप्रियता नहीं मिलती। फिल्म 'पाठशाला' का निर्देशन मिलिंद उके ने किया है। यह फिल्म 16 अप्रैल को प्रदर्शित होगी।


Click it and Unblock the Notifications











