बॉलीवुड को नुकसान पहुंचा रहे शाहरुख!

जैसा सभी जानते हैं कौन बनेगा करोड़पति के बाद शाहरुख एक बड़े मनोरंजन चैनल पर टेलीकास्ट होने वाले एक क्विज शो में नजर आने वाले हैं. यह शो है क्या आप पांचवीं पास से तेज हैं? जिस पर इन दिनों सभी की निगाहें टिकी हुई हैं और यह माना जा रहा है कि यह शो जबरदस्त पॉपुलर होगा. प्रायोजकों को भी शुरुआती एपीसोड्स में जबरदस्त टीआरपी की उम्मीद है.
दूसरी तरफ शाहरुख ने आईपीएल के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स टीम खरीदी है. यह टीम ट्वेंटी-20 मैच खेलेगी, जिसका अप्रैल और मई में स्पोर्ट्स चैनलों पर प्रसारण भी होगा. यानी आने वाले समय में जबरदस्त क्रिकेट फीवर छाने वाला है. शाहरुख भी इन आयोजनों को सफल बनाने में जी-जान से जुटे हैं.
मगर इस सबका फायदा बॉलीवुड को क्या होने वाला है? इसी प्वाइंट पर शाहरुख और बॉलीवुड आमने-सामने खड़े हो गए हैं. माना जा रहा है शाहरुख द्वारा प्रायोजित दोनों इवेंट्स या तो उस दौरान रिलीज होने वाली फिल्मों को जबरदस्त घाटा पहुंचाएंगे या फिर उस समय फिल्मों की रिलीज डेट टालनी पड़ेगी. क्योंकि सिनेमाहाल के टिकट विंडों से खींचकर ले जाने के लिए खुद शाहरुख एक मनोरंजन के बड़े बाजार में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.
इस तरह माना जा रहा है कि शाहरुख को जिस बॉलीवुड ने किंग खान बनाया वे उसे ही नुकसान पहुंचा रहे हैं. तैयार रहिए शाहरुख कहीं इस बार के क्विज शो में आपको ही न जवाब देना पड़ जाए?


Click it and Unblock the Notifications