कोल हैं विश्व की 'सबसे सेक्सी महिला'

पुरुषों की एक लाइफ़स्टाइल पत्रिका एफ़एचएम की ओर से हर वर्ष कराए जाने वाले सर्वेक्षण में ब्रितानी गायिका शेरिल कोल को लगातार दूसरी बार सबसे 'सेक्सी' महिला चुना गया है.
संगीत के एक प्रोग्राम एक्स फ़ैक्टर की जज और गर्ल्स अलाउड बैंड की स्टार शेरिल ने इस बार भी अपना ख़िताब बरक़रार रखने के लिए हॉलीवुड अभिनेत्री मैगन फ़ॉक्स को पराजित किया.
अंडर गारमेंट्स बनाने वाली एक कंपनी की मॉडल मैरीसा मिलर इस वर्ष के सर्वेक्षण में तीसरे नंबर पर रहीं.
कोल ने तीन साल की उम्र में पहली बार मॉडलिंग की थी. जब वह 12 वर्ष की हुईं तो उन्होंने नृत्य छोड़कर गायिकी को अपनाया.
मशहूर फ़ुटबॉल खिलाड़ी ऐशले कोल से 2006 में उनकी शादी हुई, लेकिन इसी साल उन दोनों ने अलग होने की घोषणा की है.
सुप्रसिद्ध गायिका ब्रिटनी स्पियर्स इस बार अपनी सुंदरता और आकर्षण का जादू पाठकों में बरक़रार न रख सकीं और वह चौथे नंबर से 44वें नंबर पर चली गई हैं.
दूसरी ओर द सैटरडेज़ नामक लड़कियों के बैंड की फ़्रैंकी स्टेनफ़ोर्ड इस बार तेरह स्थान की छलांग लगाकर चौथे नंबर पर पहुंच गईं.
मॉडल कीली हैज़ेल पांचवें नंबर पर रहीं जबकि ट्विलाइट की स्टार कर्स्टन स्टेवर्ट पहली बार इस सूची में शामिल हुईं और उन्होंने छठा स्थान पाया.
पिछले साल 48वां स्थान पाने वाली मॉडल और अभिनेत्री केली ब्रुक इसबार सातवें नंबर पर रहीं.
पहली बार शामिल होने वाली लेडी गेगा 92वें नंबर पर रहीं.
एफ़एचएम पाठक सर्वेक्षण अपने 16वें साल में दाख़िल हो चुका है. पहले एफ़एचएम फ़ॉर हिम मैगज़ीन के नाम से प्रकाशित हुआ करता था.
इस मैगज़ीन में विश्व की 100 सुंदरियों को पाठकों ने चुना है. इस सूची में दो बार जेनिफ़र लोपेज़ ने विश्व की सबसे 'सेक्सी महिला' का ख़िताब जीता है.


Click it and Unblock the Notifications