मैं सीक्वेल नहीं बनाऊंगा: इम्तियाज अली
'दबंग' के फिल्म निर्माता अरबाज खान, 'वन्स अपान ए टाइम' के निर्माता मिलन लूथरिया और 'हाउसफुल' के निर्देशक साजिद खान हाल ही में इन फिल्मों की अगली कड़ी भी बनाने की घोषणा कर चुके हैं। 'जब वी मेट', 'सोचा न था' और 'लव आज कल' जैसी बेहतरीन फिल्में बना चुके इम्तियाज अली का कहना है कि सीक्वेल फिल्में उनकी सूची में नहीं हैं।
इम्तियाज ने विशेष बातचीत के दौरान कहा, "सीक्वेल फिल्में मेरे लिए नहीं हैं। वास्तव में मैं यह महसूस करता हूं कि जो फिल्में मैं बनाता हूं उसमें कुछ बाकी नहीं छोड़ता। फिल्म के लिहाज से और एक निर्देशक के तौर पर भी मुझे उस फिल्म की सीक्वेल बनाने में कोई दिलचस्पी नहीं होती है।"
'जब वी मेट' जैसी सफल फिल्में दे चुके इम्तियाज का कहना है कि टेलीविजन एक अलग माध्यम है। फिल्म में बहुत सारी कहानियां जुड़ी होती हैं। फिल्म की शैली सीधी होती है और उसका समय भी निश्चित होता है। इसलिए आपको बहुत सारी चीजों को समय के भीतर ही पूरा करना होता है।
गौरतलब है कि बॉलीवुड में हाथ आजमाने से पहले इम्तियाज ने वर्ष 1990 के दशक में 'पुरुषार्थ' और 'इम्तिहान' जैसे कार्यक्रमों को निर्देशित किया था।


Click it and Unblock the Notifications












