अजी बुरा है तो टी.वी. बंद कर दीजिए ना !

मल्लिका शेरावत नए साल में धूम मचाने के लिए तैयार हैं
अपने बिंदास अंदाज़ के लिए मशहूर अभिनेत्री मल्लिका शेरावत कहती हैं कि नए साल के मौक़े पर वो अपने उसी अंदाज़ में नाचेंगी जिसके लिए वो जानी जाती हैं.
नए साल पर अपने कार्यक्रम के बारे में बातचीत करते हुए मल्लिका ने मुंबई में पत्रकारों से कहा कि "मैं तो अपने स्टाइल में ही नाचूंगी, अगर किसी को ये अश्लील लगता है तो वो ना आए".
इस पर एक पत्रकार ने जब ये कहा कि ना चाहते हुए भी तो टेलीविज़न पर दिख जाएगा तो मल्लिका बोलीं "नहीं देखना तो टीवी बंद कर दीजिए ना.कोई बंदूक लेकर तो नहीं कहता कि यही देखो".
ग़ौरतलब है कि मल्लिका शेरावत उसी होटल में अपना कार्यक्रम देंगी जहां मलाइका अरोड़ा ख़ान भी नृत्य पेश करेंगी.
मल्लिका कहती हैं कि नए साल में वो और ज़्यादा मेहनत करना चाहती हैं और ज़्यादा से ज़्यादा समय भारत में बिताना चाहती हैं. साथ ही चाहती हैं कि उनकी अंग्रेज़ी फ़िल्म 'पॉलिटिक्स ऑफ़ लव' भारत में रिलीज़ हो. हालांकि मल्लिका ने ये स्वीकार किया कि उनकी हालिया रिलीज़ फ़िल्म 'हिस्स' उम्मीद के मुताबिक़ सफलता हासिल नहीं कर सकी लेकिन फ़िल्म अपनी क़ीमत निकालने में सफल रही.
अपने ख़िलाफ़ अश्लीलता के मामलों पर पूछे गए सवाल के जवाब में मल्लिका ने कहा कि "अब तो मेरा भाई भी बहुत परेशान हो गया है. रोज़ एक नया मामला आता है.अब तो पुलिस वाले ख़ुद फ़ोन करके कहते हैं कि नया मामला आया है बताइए क्या करें".


Click it and Unblock the Notifications