कोरोना को हरा कर अस्पताल से लौटे सतीश कौशिक, आठ साल की बेटी अस्पताल में भर्ती, हुए भावुक
एक्टर - फिल्ममेकर, सतीश कौशिक, काफि दिनों से कोरोना पॉज़िटिव थे और अस्पताल में भर्ती थे। उनकी रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है और वो घर लौट चुके हैं। लेकिन उनकी आठ साल की बेटी अब कोरोना के लक्षण के साथ अस्पताल में भर्ती है। सतीश कौशिक ने एक मीडिया चैनल से बात करते हुए भावुक होकर कहा कि उसके लिए प्रार्थना करिए।
जहां सभी को लगता है कि बच्चे फिलहाल कोरोना से बचे हुए हैं वहीं वंशिका की रिपोर्ट अभी भले ही निगेटिव है लेकिन उनमें कोरोना के लक्षण हैं और उन्हें लगातार बुखार बना हुआ है।

सतीश कौशिक ने बताया कि जब भी वंशिका फोन पर रोती हैं तो उनका दिल टूट जाता है। इस वायरस के बारे में कुछ भी कहा नहीं जा सकता ये इतना खतरनाक है। अभी भी वंशिका की तबीयत में सुधार नहीं हो रहा है और सतीश कौशिक ने उनके लिए प्रार्थना करने की गुज़ारिश की।

लगातार वैक्सीन ले रहे सितारे
एक तरफ जहां सितारे तेज़ी से संक्रमित हो रहे हैं वहीं दूसरी तरफ सितारे लगातार वैक्सीन ले रहे हैं। अनुपम खेर, सलमान खान, सैफ अली खान, संजय दत्त, शबाना आज़मी, सतीश शाह, नीना गुप्ता सहित कई सितारे कोरोना की वैक्सीन की पहली डोज़ ले चुके हैं।

वैक्सीन के बावजूद पॉज़िटिव
रेस 3 प्रोड्यूसर रमेश तौरानी और बॉलीवुड एक्टर और नेता परेश रावल वैक्सीन लगने के बावजूद कोरोना पॉज़िटिव हो चुके हैं और फिलहाल घर पर ही क्वारंटीन कर रहे हैं।

कोरोना से जीतकर काम पर लौटे
रणबीर कपूर, संजय लीला भंसाली, कृति सैनन, वरूण धवन, नीतू कपूर सरीखे कई सितारे, कोरोना पॉज़िटिव होने के बाद अब निगेटिव हो चुके हैं और काम पर भी लौट चुके हैं।

कोरोना के साथ भी काम पर
गौहर खान हाल ही में चर्चा में आई क्योंकि खबर थी कि वो कोरोना पॉज़िटिव होने के बावजूद शूटिंग कर रही थीं जिसके कारण, उनके खिलाफ कई नोटिस जारी की गईं।

बार बार करवाने पड़े टेस्ट
कियारा आडवाणी जैसे कुछ सितारों को बार बार टेस्ट करवाने पड़े। पहले कियारा कार्तिक आर्यन के साथ शूट कर रही थीं जिनके पॉज़िटिव आने पर कियारा ने टेस्ट करवाया और उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई। इसके बाद वो आमिर खान के साथ शूट कर रही थीं और आमिर भी कोरोना पॉज़िटिव आ गए। उससे भी पहले कियारा जुग जुग जीयो की शूटिंग कर रही थीं जिसकी पूरी टीम पॉज़िटिव आई।

सावधानी बरत रहे सितारे
सुपरस्टार धर्मेंद्र के स्टाफ में काम करने वाले दो लोग कोरोना पॉज़िटिव हो चुके हैं। ऐसे में धर्मेंद्र ने एहतियातन खुद को क्वारंटीन कर लिया है और वो खुद को लेकर पूरी सावधानी बरत रहे हैं।

दूसरों की गलती
मनोज बाजपेयी ने बताया कि वो कोरोना पॉज़िटिव हो गए क्योंकि किसी और ने मास्क नहीं पहना। किसी और की गलती की सज़ा वो भुगत रहे हैं।

सावधानी बरतिए
सितारे लगातार फैन्स से गुज़ारिश कर रहे हैं कि कोरोना को हल्के में ना लें और सारे नियमों का पालन करें। स्वस्थ रहिए, सुरक्षित रहिए।


Click it and Unblock the Notifications











