ऐ वतन मेरे वतन में स्वतंत्रता सेनानी उषा मेहता बनेंगी सारा अली खान, तापसी पन्नू भी निभाने वाली हैं यही किरदार
हाल ही में करण जौहर ने एलान किया था कि सारा अली खान, धर्मा प्रोडक्शन्स के साथ दो फिल्में कर रही हैं। अब इनमें से पहली फिल्म की डीटेल्स बाहर आ चुकी हैं। इस फिल्म का नाम है ऐ वतन मेरे वतन और इसे डायरेक्ट कर रहे हैं कानन अईयर। कानन इससे पहले, अनिल कपूर - हर्षवर्धन कपूर स्टारर अभिनव बिंद्रा बायोपिक पर काम कर रहे थे लेकिन वो फिल्म डिब्बाबंद हो गई।
कानन को ऐ वतन मेरे वतन ऑफर की गई और उन्होंने इस फिल्म पर काम शुरू कर दिया। सारा भी अपनी सभी फिल्मों से खाली हो चुकी हैं और सितंबर से वो इस फिल्म पर काम शुरू कर देंगी।

इस फिल्म में सारा अली खान, स्वतंत्रता सेनानी उषा मेहता के किरदार में दिखाई देंगीं। उषा मेहता ने 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में काफी अहम भूमिका निभाई थी जहां वो अंडरग्राउंड रेडियो चैनल चलाती थीं। इस चैनल के ज़रिए ही आज़ादी की लड़ाई लड़ने वाले सेनानियों को अंग्रेज़ी हुकूमत की नई नीतियों और चालों की खबर मिल पाती थी।
सारा अली खान पहली बार ऐसा किरदार निभाने जा रही हैं और इसलिए वो इसकी तैयारी में पूरी तरह से जुट चुकी हैं। हाल ही में उनके विकी कौशल स्टारर अश्वत्थामा छोड़ने की खबर आई थी। अब पक्का हो चुका है कि वो फिल्म फिलहाल के लिए डिब्बाबंद है।

पूरी की है गैसलाईट की शूटिंग
कुछ महीनों पहले ही सारा अली खान, गुजरात में विक्रांत मसीह के साथ अपनी अगली फिल्म गैसलाईट की शूटिंग कर रही थीं। शूटिंग शुरू होने के साथ नागेश्वर ज्योतिर्लिंग में बाबा भोलेनाथ के दर्शन किए और उनसे आशीर्वाद लिया।सारा के साथ, बाबा भोलेनाथ के दर्शन करने उनके को स्टार विक्रांत मैसी भी पहुंचे। दोनों समुद्र किनारे भी बाबा की आराधना में लीन दिखे। गैसलाईट को पवन कृपलानी डायरेक्ट कर रहे हैं।

हल्की फुल्की फिल्म
लक्ष्मण उतेकर की एक रोमांटिक कॉमेडी फिल्म में विकी कौशल और सारा अली खान एक साथ नज़र आने वाले हैं। फिल्म पर लगभग काम पूरा हो चुका है। ये हल्के फुल्के रोमांस के साथ एक सोशल कॉमेडी होगी। ठीक लक्ष्मण उतेकर की पहली फिल्म, कार्तिक आर्यन और कृति सैनन स्टारर लुका छुपी की तरह। सारा अली खान और विकी कौशल ने इस फिल्म की शूटिंग के दो शेड्यूल पूरे किए हैं जिनमें से काफी शूटिंग इंदौर में हुई।

बनेंगी आनंद एल राय की नखरेवाली
आनंद एल राय की फिल्म अतरंगी रे की सफलता के बाद सारा अली खान, आनंद एल राय की ही अगली फिल्म नखरेवाली पर काम करना शुरू कर चुकी हैं। इस फिल्म में सारा टाईटल रोल निभाती दिखेंगी। वहीं फिल्म में उनका साथ देंगे विकी कौशल के भाई सनी कौशल। सनी कौशल इससे पहले अक्षय कुमार की फिल्म गोल्ड से सबका दिल जीत चुके हैं।

अफवाहों में कर ली हैं कई फिल्में
इस बीच खबर थी कि सारा अली खान को टाईगर श्रॉफ के अपोज़िट बाग़ी 4 के लिए अप्रोच किया गया है। सारा अली खान और टाईगर श्रॉफ, करण जौहर की स्टूडेंट ऑफ द ईयर के साथ काम करने वाले थे लेकिन इस फिल्म को सारा ने अपने डेब्यू के लिए नहीं चुना क्योंकि वो दो हीरोइन वाली फिल्म से अपने करियर की शुरूआत नहीं करना चाहती थीं। वहीं उनका नाम साजिद नाडियावाडवाला की कार्तिक आर्यन फिल्म से भी जुड़ा था लेकिन ये खबरें महज़ अफवाहें निकलीं।

केदारनाथ से अब तक
गौरतलब है कि सारा अली खान ने अपने करियर की शुरूआत सुशांत सिंह राजपूत के साथ केदारनाथ से की थी। फिल्म को अभिषेक कपूर ने डायरेक्ट किया था और फिल्म में सारा को काफी अटेंशन दिया गया। लेकिन सारा अली खान अपने डेब्यू के साथ ही छा गईं। डेब्यू से पहले वो कॉफी विद करण में अपने पिता सैफ अली खान के साथ नज़र आईं। इसके बाद 2018 में दिसंबर के महीने में सारा ने दो सफल फिल्में दीं - केदारनाथ और सिंबा।

कुली नं. 1 और अतरंगी रे
इसके बाद सारा अली खान, इम्तियाज़ अली की लव आज कल में दिखाई दीं। कार्तिक आर्यन के साथ ये फिल्म बुरी तरह से फ्लॉप हुई। फिर सारा, वरूण धवन के साथ कुली नंबर वन और फिर अक्षय कुमार और धनुष के साथ अतरंगी रे में नज़र आईं। ये दोनों ही ओटीटी फिल्में थीं। तब से दर्शक सारा अली खान की वापसी का इंतज़ार कर रहे हैं। लेकिन ए वतन मेरे वतन भी ओटोटी फिल्म है।
ऐ वतन मेरे वतन को सीधा अमेज़ॉन प्राईम वीडियो पर रिलीज़ किया जाएगा। फिल्म की कहानी लिखी है दराब फ़ारूक़ी ने। गौरतलब है कि केतन मेहता भी उषा मेहता पर एक फिल्म बनाने की तैयारी कर रहे हैं जिसके लीड में तापसी पन्नू का नाम सामने आ रहा है। उषा मेहता, केतन मेहता की बुआ थीं और इसलिए केतन उन पर फिल्म बनाकर उन्हें सम्मान देना चाहते हैं। हालांकि, उन्होंने करण जौहर को भी उनकी इस फिल्म के लिए शुभकामनाएं दी हैं।


Click it and Unblock the Notifications











