Sara Ali Khan ने अपने करियर की फ्लॉप फिल्मों पर तोड़ी चुप्पी, अपनी गलतियों को लेकर कही ये बात

Sara Ali Khan: फिल्म इंडस्ट्री में 4 साल गुजार चुकीं सारा अली खान अपनी पीढ़ी की सबसे चर्चित अभिनेत्रियों में मानी जाती हैं। फिल्मों के साथ साथ सारा अली खान को लोग उनके विचार और व्यक्तित्व की वजह से भी प्यार करते हैं। हाल ही में एक प्रमुख इन्फ्लुएंसर के साथ एक सिट डाउन इंटरव्यू में, सारा ने अपनी सीख, अपनी महत्वाकांक्षा, अपने करियर के लक्ष्यों और एक एक्ट्रेस के रूप में आगे बढ़ने के बारे में खुलकर बात की।
सारा ने 'लव आज कल 2' और 'कुली नंबर 1' जैसी फिल्मों की असफलता के बारे में भी बात की और बताया कि क्या गलत हुआ, असफलताओं से वह कैसे सीख रही हैं, और इसके बाद किस तरह से आगे बढ़ रही हैं।
सारा ने कहा, "फिल्मों की असफलता ने मुझे एहसास दिलाया कि मुझे बस आगे बढ़ते रहना है, जो गलतियां मैंने की हैं उन्हें स्वीकार करना है, उन गलतियों से सीखना है जो मैंने की हैं लेकिन खुद को उन्हें करने की मंजूरी भी देनी है।"
साल 2018 में फिल्म केदारनाथ के साथ डेब्यू करने के बाद सारा अली खान ने सिंबा जैसी सुपरहिट फिल्म में काम किया। रातों रात वह लोगों की फेवरिट बन गईं, लेकिन फिर लॉकडाउन से पहले रिलीज हुई फिल्में लव आजकल और कुली नंबर 1 से उन्हें करियर में पहली असफलता मिली। दोनों फिल्मों को दर्शकों ने सिरे से नकार दिया। बहरहाल, फिर अतरंगी रे में सारा को अपने काम के लिए तारीफ मिली।
बता दें, पिछले साल 3 फिल्मों को पूरा करने के बाद, सारा अली खान 2023 में भी बहुत बिजी दिख रही हैं। वह नेक्स्ट विक्रांत मैसी के साथ 'गैसलाइट' में दिखाई देंगी, वहीं इस साल वो मैडॉक की अगली फिल्म में विक्की कौशल और अनुराग बसु की 'मेट्रो.. इन दिनों' में भी नजर आने वाली हैं। इसके साथ ही सारा के पास 'ऐ वतन मेरे वतन', 'मर्डर मुबारक' जैसी फिल्में भी हैं।


Click it and Unblock the Notifications