Sara Ali Khan: बाबा बर्फानी के दर्शन करने पहुंची सारा अली खान, अमरनाथ यात्रा की दिखाई झलक, बोलीं- हर हर महादेव

Sara Ali Khan shares video from her Amarnath yatra: सारा अली खान भगवान भोलेनाथ की कितनी बड़ी भक्त हैं, ये सभी जानते हैं। वो कभी केदारनाथ धाम की यात्रा में दिख जाती हैं, तो कभी उज्जैन के महाकाल मंदिर में। बीते दिनों अभिनेत्री ने अमरनाथ यात्रा की थी, जिसकी झलक अब उन्होंने खुद अपने इंस्टाग्राम पर शेयर की है।
सारा अली खान ने कश्मीर की छुट्टियों से कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की थीं। इसके बाद एक्ट्रेस को जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा के दौरान देखा गया। जहां से उनका एक वीडियो वायरल हो रहा था। देश के सबसे पवित्र हिंदू तीर्थ स्थलों में से एक अमरनाथ में वो कड़ी सुरक्षा के बीच यात्रा करते दिखीं।
बाबा बर्फानी के दर्शन करने पहुंची सारा अली खान
अब सारा अली खान ने खुद एक वीडियो शेयर किया है और कैप्शन में लिखा- "जय बाबा बर्फानी".. इस वीडियो में वो हाथ में डंडा लिए मंदिर की ओर जाती दिख रही हैं। फिर मंदिर पहुंचकर घंटी बजाई, भगवान का आशीर्वाद लिया। उन्होंने गले में लाल चुन्नी (दुपट्टा) डाला हुआ है.. और माथे पर लाल टीका भी लगाया हुआ है।
बता दें कि हिंदू आस्था में अमरनाथ यात्रा का बहुत महत्व है। देशभर के शिव भक्त पवित्र गुफा में बर्फ से बने भोलेनाथ का आशीर्वाद लेने के लिए एक कठिन यात्रा करते हैं। ऐसे में सारा को वहां देख, उनके फैंस काफी खुश हैं।
मंदिर जाने से मुझे शांति मिलती है
बता दें, पिछले 6 महीने में सारा अली खान 4 बार उज्जैन के महाकाल के दर्शन भी कर चुकी हैं। और इस वजह से वो ट्रोलर्स के निशाने पर भी रही हैं। लेकिन एक्ट्रेस इससे प्रभावित नहीं होती हैं। सारा ने एक इंटरव्यू में कहा था- "यह मेरी निजी पसंद है। मुझे मंदिर जाने से कोई नहीं रोक सकता है। मुझे मंदिर जाकर भगवान से प्रार्थना करने में शांति मिलती है। मैं भगवान को धन्यवाद कहने के लिए जाती हूं।"


Click it and Unblock the Notifications