ईद पर सारा अली खान ने तीनों भाईयों के साथ मनाया जश्न - इब्राहिम, तैमूर, जेह की साथ में पहली तस्वीर
सारा अली खान ने ईद के मौके पर अपने फैन्स को बेहद क्यूट सा सरप्राइज़ दिया। सारा ने ये ईद अपने सबसे छोटे भाई जेह अली खान के साथ मनाई। गौरतलब है कि सैफ अली खान और करीना कपूर खान के छोटे बेटे जेह की ये पहली ईद है और सारा ने ये ईद अपने भाईयों के साथ मनाई। सारा ने अपने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर भी शेयर की।
इस तस्वीर में सैफ अली खान के चारों बच्चे - सारा अली खान, इब्राहिम अली खान, तैमूर अली खान और जेह अली खान एक साथ नज़र आ रहे हैं। हालांकि, सारा ने जेह का प्यारा सा चेहरा एक इमोजी से छिपा दिया।

सैफ अली खान और करीना कपूर खान 21 फरवरी को एक बेटे के माता पिता बने। इस बच्चे का नाम सभी जानने को उत्सुक थे लेकिन काफी समय तक इसे छिपाकर रखा गया। इसके बाद रणधीर कपूर ने कंफर्म किया कि इस बच्चे का नाम जेह अली खान है। वहीं करीना कपूर खान ने मदर्स डे के मौके पर जेह की पहली तस्वीर शेयर की।
मदर्स डे पर करीना कपूर खान ने अपने दोनों बेटों की तस्वीर शेयर की। तस्वीर में उनके छोटे बेटे जेह को बड़े बेटे तैमूर अली खान बड़े प्यार से अपने नन्हें हाथों में ले रखा था। बात करें सैफ अली खान की तो अपने चारों बच्चों के लिए सैफ बेहद सख्त पिता हैं। और सभी के भविष्य के बारे में सैफ किसी ना किसी इंटरव्यू में बात कर चुके हैं।

सारा ने अब्बा के साथ किया डेब्यू
सारा अली खान ने अपने अब्बा, सैफ अली खान के साथ करण जौहर के चैट शो कॉफी विद करण के साथ अपना डेब्यू किया था। जी हां, सारा पहली बार परदे पर इस शो के ज़रिए दर्शकों से रूबरू हुई थीं। उनकी फिल्म केदारनाथ इसके बाद रिलीज़ हुई थी। कॉफी विद करण में ही सैफ अली खान बता चुके हैं कि अगर किसी लड़के के पास पैसा है तो वो सारा अली खान को डेट कर सकता है। उनकी बस एक ही डिमांड है कि लड़के के पास पैसा होना चाहिए क्योंकि उनकी बेटी High Maintainance है।

दिया था फिल्म डेब्यू का ऑफर
सारा अली खान, केदारनाथ के साथ अपना फिल्म डेब्यू 2017 में करने वाली थीं। लेकिन जब ये फिल्म अटक गई थी तो सैफ अली खान भी उनके लिए परेशान थे। क्योंकि वो अच्छे पापा की तरह अपनी बेटी को परेशान होते हुए नहीं देख पा रहे थे। जब सैफ से सारा की परेशानी नहीं देखी गई तो उन्होंने सारा को अपनी फिल्म जवानी जानेमन ऑफर की थी।

काम में नहीं करते हैं दखलअंदाज़ी
हालांकि, सैफ अली खान और सारा अली खान दोनों ही एक्टर्स हैं लेकिन सैफ कभी भी सारा के करियर में दखलअंदाज़ी नहीं करते हैं। जब तक सारा अली खान खुद उनसे कोई सलाह नहीं मांगती हैं। सारा का कहना है कि उनके अंदर उनके पिता का दिमाग है और इसलिए वो अपने फैसले बहुत ही सोच समझ कर लेती हैं।

इब्राहिम के करियर की चिंता
बात करें इब्राहिम की तो एक इंटरव्यू में जब सैफ से इब्राहिम के डेब्यू के बारे में पूछा गया तो सैफ का कहना था कि उसे डेब्यू करना चाहिए और फिल्मों में आना चाहिए। वो तो मुझसे भी बेहतर दिखता है और दिल जीत लेने वाला लड़का है।

करियर से पहले शिक्षा ज़रूरी है
सैफ का मानना है कि उनके सारे बच्चे फिल्मों में अच्छा करेंगे, उनके खून में फिल्में हैं। लेकिन इब्राहिम की पढ़ाई के बारे में बात करते हुए सैफ ने कहा कि इब्राहिम को पहले कॉलेज खत्म करना चाहिए फिर करियर पर ध्यान देना चाहिए।

दादा जी की तरह क्रिकेट के शौकीन
गौरतलब है कि इब्राहिम अली खान की क्रिकेट में बेहद दिलचस्पी है और वो अकसर क्रिकेट खेलते दिखाई दे जाते हैं। सैफ का मानना है कि उनका बेटा जो भी करेगा वो उसके फैसले में उसका पूरा साथ देंगे।

छोटे नवाब तैमूर
अब बारी आती है छोटे नवाब तैमूर की। एक इंटरव्यू में सैफ अली खान ने बताया कि करीना तैमूर के साथ ज़्यादा सख्ती नहीं दिखाती हैं और इस बात का फायदा अब तैमूर उठाने लगे हैं। पिछले साल तो भले ही स्कूल ऑनलाईन चले लेकिन उससे पहले ही तैमूर स्कूल ना जाने की ज़िंद करने लग चुके थे।

थोड़ा सा प्यार और ढेर सारा गुस्सा
सैफ अली खान ने ये भी बताया कि तैमूर को अगर कोई ना कह दे तो वो कहता है कि तुम गंदे हो, मैं तुमसे प्यार नहीं करता हूं, मैं तुम्हार सर फोड़ दूंगा। मुझे समझ नहीं आता कि वो ये सारी चीज़ें सीख कहां से रहा है।

नवाबज़ादे हैं तैमूर
एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में सैफ ने बताया कि तैमूर को अब किसी भी बात के लिए ना सुनना नहीं पसंद है क्योंकि उसकी हर डिमांड पूरी हो जाती है। मैंने उसे किसी चीज़ के लिए ना कहा और वो गुस्सा हो गया।

स्टारडम पा चुके हैं बच्चे
स्टारडम पर बात करते हुए सैफ बता चुके हैं कि उन्हें अपने, अक्षय, सलमान सबके बच्चों के लिए डर लगता है। वो सोचते हैं कि सारे के सारे स्टार्स और सुपरस्टार्स कैसे बन पाएंगे। हालांकि, सैफ अली खान के तीनों बच्चे पहले से ही सुपरस्टार्स हैं। तैमूर के बाद अब जेह के भी फैन क्लब्स बन चुके हैं और फैन्स को बस उनकी तस्वीरों का इंतज़ार है।


Click it and Unblock the Notifications
