कंगना नाराज नहीं ये सब अफवाहें हैं: संजय गुप्ता
'शूटआउट एट वडाला' के निर्देशक संजय गुप्ता कहते हैं कि अभिनेत्री कंगना रनावत के उनकी फिल्म के प्रचार में शामिल न हो पाने पर अफवाहें फैलाना अच्छा नहीं है। अब तक प्रचार कार्यक्रमों से दूर रहीं कंगना जल्द ही इनमें शामिल होंगी। कंगना के फिल्म के पब्लिसिटी इवेंट्स में शामिल ना होने की वजह से लोग कह रहे थे कि कंगना इस बात से नाराज थीं कि अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा व सनी लियोन को फिल्म में आइटम नंबर देकर उन्हें उनसे अधिक महत्व दिया गया है।
जब गुप्ता से इस संबंध में पूछा गया तो वह परेशान हो गए। उन्होंने कहा, "आप सभी मीडिया में हैं और आप सभी के हाथ में बहुत शक्तिशाली हथियार है, जो कोई सूत्र, अंदर का व्यक्ति, दोस्त या कोई अन्य हो सकता है. और इस व्यक्ति का नाम कभी नहीं बताया जाता।" उन्होंने कहा, "इसलिए आपके लिए एक कहानी गढ़ना आसान होता है और फिर आप कहते हैं कि अंदर के एक व्यक्ति ने यह कहानी आपको बताई या सूत्र से यह जानकारी मिली। सूत्र का नाम दीजिए।" कंगना ने जहां फिल्म में मुख्य भूमिका निभाई है, वहीं प्रियंका ने 'बबली बदमाश' व सनी ने 'ओ लैला' आइटम नंबर दिए हैं। फिल्म का तीसरा आइटम 'नंबर आला रे मान्या' है, जो सोफी चौधरी पर फिल्माया गया है।
तीनों अभिनेत्रियां फिल्म के प्रचार कार्यक्रमों और गीत जारी होने के अवसरों पर मौजूद रहीं लेकिन कंगना की गैर-मौजूदगी को लेकर संदेह की स्थिति है। 'शूटआउट एड वडाला' में कंगना ने गैंग्स्टर मान्या सुर्वे की प्रेमिका विद्या की भूमिका निभाई है। अनिल कपूर, तुषार कपूर, मनोज वाजपेयी व सोनू सूद ने भी इसमें अभिनय किया है। फिल्म तीन मई को प्रदर्शित होगी।


Click it and Unblock the Notifications
