'जवान' और 'गदर 2' की बॉक्स ऑफिस सक्सेस पर इस निर्देशक ने साधा निशाना, बोले- 'ये चार दिन की चांदनी है'

Sanjay Gupta On Jawan and Gadar 2 Box Office: बीते कुछ महीने बॉलीवुड फिल्मों के लिए काफी जबरदस्त रहे हैं। एक के बाद एक फिल्में हिट, सुपरहिट और ब्लॉकबस्टर हो रही हैं। वहीं, सनी देओल की गदर 2 और शाहरुख खान की जवान रिकॉर्डतोड़ सफलता हासिल कर रही हैं।
जहां कुछ लोगों का मानना है कि इन बॉक्स ऑफिस सफलताओं के साथ बॉलीवुड का सुनहरा दौर वापस आ गया है, वहीं निर्देशक संजय गुप्ता इससे सहमत नहीं हैं। उनका मानना है कि ये सेलिब्रेशन सिर्फ चार दिन की चांदनी है।
गदर 2 और जवान के बाद थिएटर फिर खाली हो जाएंगे
ईटाइम्स के साथ हुए बातचीत में संजय गुप्ता ने कहा कि जब तक मीडियम या कम बजट की फिल्में नहीं चलतीं, तब तक कोई नहीं कह सकता कि दर्शक थिएटर में लौट आए हैं। उन्होंने कहा, "गदर 2 और जवान बड़े बजट की फिल्में हैं और इन्हें बनने में 2-3 साल लगे हैं। कुछ हफ्तों के बाद थिएटर फिर से खाली हो जाएंगे और अगली बड़ी फिल्म के आने का इंतजार किया जाएगा।"
बड़े स्टार्स तो दो साल में एक फिल्म करते हैं
उन्होंने आगे कहा कि सभी बड़े स्टार्स साल में सिर्फ एक ही फिल्म करते हैं। उन्होंने कहा, "शाहरुख पांच सालों के बाद फिल्मों में आ रहे हैं। ऋतिक और आमिर भी दो सालों में एक फिल्म करते हैं। तो ऐसा नहीं हो सकता कि केवल इन टॉप 5-6 सितारों की फिल्में ही चलती हैं। जब लोग मिडिल बजट वाली फिल्मों को सपोर्ट करने के लिए सिनेमाघरों में जाएंगे तो मैं कहूंगा कि दर्शक वापस आ गए हैं।"
95 प्रतिशत फिल्में लोग ओटीटी पर ही देख रहे हैं
संजय गुप्ता ने आगे कहा कि लोग सिनेमाघरों में केवल बड़े सितारों वाली बड़ी फिल्में ही देख रहे हैं। लेकिन अगर फिल्म बड़ी नहीं है या उसमें बड़े नाम नहीं हैं तो लोग उसे ओटीटी पर देखने के लिए तैयार रहते हैं। उन्होंने कहा, वैसे भी भारतीयों को मुफ्त का माल पसंद है। हम ओटीटी सब्सक्रिप्शन के लिए भुगतान करते हैं, लेकिन एक तरह से ये चीजें मुफ्त ही हैं। 95% फिल्में ऐसी हैं, जिसे देखने दर्शक सिनेमाघर नहीं जा रहे। वे इसे घर पर देखना पसंद करते हैं। और ये स्थिति गंभीर है.."


Click it and Unblock the Notifications












