अगले दो दिनों में शूटिंग शुरू कर सकते हैं संजय दत्त
मुंबई। सुप्रीम कोर्ट से चार सप्ताह की राहत पाये फिल्म अभिनेता संजय दत्त अगले दो दिनों में अपनी फिल्मों की शूटिंग प्रारम्भ कर सकते हैं। इससे उनकी फिल्मों के निर्माताओं ने भी राहत की सांस ली है। इस पर फिल्म 'पुलिसगिरी' के निर्देशक टी. पी. अग्रवाल का कहना है कि अभी फिल्म की डबिंग का कुछ हिस्सा बाकी है। जिस पर हम जल्द ही काम शुरू करेंगे। हमें अब जल्द बाजी दिखाने की कोई जरूरत नहीं है।
संजय दत्त को 1993 में मुंबई में हुए बम ब्लास्ट के दौरान अवैध रूप से हथियार रखने का दोषी करार दिया गया था। जिसके लिए उन्हें पांच साल की सजा अदालत ने सुनाई है। वह पहले डेढ़ वर्ष जेल में गुजार चुके हैं। बाकी साढ़े तीन वर्ष की सजा काटने के लिए उन्हें 18 अप्रैल को सरेंडर करना था। जिससे उनकी कुछ फिल्मों की शूटिंग अधूरी रह गयी थी। अब संजय इन फिल्मों की शूटिंग करेंगे। यह ध्यान देने योग्य है कि वह इस समय इंडस्ट्री के 278 करोड़ रूपयों के प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं।
निर्देशक राजकुमार हिरानी की फिल्म पीके की अभी आठ दिनों की शूटिंग बाकी है। इस फिल्म में उनके अलावा अभिनेता आमिर खान भी हैं। इसके अलावा करन जौहर की फिल्म उंगली में भी वह काम कर रहे हैं। पुलिसगिरी के निर्देशक अग्रवाल का कहना है कि संजय अपनी सभी फिल्मों की शूटिंग इस दौरान पूरी कर लेंगे लेकिन वह फिल्मों का प्रमोशन नहीं कर सकेंगे और उनके न होने से फिल्मों का प्रमोशन प्रभावित होगा।
ट्रेड विश्लेषक तरण आदर्श का कहना है कि संजय इस दौरान अपनी कई फिल्मों की शूटिंग कर लेंगे। जो कि निर्माताओं के लिए राहत की बात होगी।


Click it and Unblock the Notifications
