संजय दत्त ने माधुरी दीक्षित, जैकी श्रॉफ और सुभाष घई के नाम लिखा पोस्ट, 30 साल पुरानी इस फिल्म को किया याद

Sanjay Dutt post on Khalnayak: साल 1993 में रिलीज हुई सुपरहिट फिल्म खलनायक को आज 30 साल पूरे हो चुके हैं। सुभाष घई के निर्देशन में बनी इस फिल्म में संजय दत्त, माधुरी दीक्षित और जैकी श्रॉफ मुख्य किरदारों में थे। फिल्म ने अपने कंटेंट से लेकर अपने गानों के लिए खूब सुर्खियां बटोरी थीं। माधुरी दीक्षित पर फिल्माया गाना 'चोली के पीछे क्या है..' ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे।
सुभाष घई के एक इंटरव्यू के दौरान बताया था कि संजय दत्त ने उन्हें खलनायक की कहानी लिखने के लिए कहा था। उन्हें इस स्क्रिप्ट पर काम करने में दो साल का वक्त लगा। खास बात है कि इस फिल्म में पहले जैकी श्रॉफ और नाना पाटेकर को कास्ट किया जा रहा था, लेकिन बाद में किसी कारणवश संजय दत्त को लेने का फैसला लिया गया।
आमिर खान को भी किया गया था अप्रोच
इतना ही नहीं, बल्कि किरदार राम के लिए जैकी श्राफ से पहले आमिर खान को अप्रोच किया गया था, लेकिन आमिर ने निगेटिव किरदार निभाने में दिलचस्पी दिखाई, जिसके लिए सुभाष घई तैयार नहीं हुए। फिर आमिर की जगह फिल्म में आ गए जैकी श्राफ।
संजय दत्त ने किया खास पोस्ट
खलनायक के 30 साल पूरे होने के मौके पर संजय दत्त ने ट्वीट करते हुए लिखा- "मैं भारतीय सिनेमा के महान निर्देशकों में से एक सुभाष जी को बधाई देना चाहता हूं। जैकी दादा को परफेक्ट राम बनने के लिए, माधुरी को गंगा बनने के लिए और खलनायक की पूरी कास्ट और क्रू को बधाई देना चाहता हूं। मैं इस आइकॉनिक फिल्म का हिस्सा बनने के लिए आभारी और गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं और इसके हर पल को संजोकर रखना चाहता हूं। 30 साल हो चुके हैं, लेकिन फिर भी यह कल की बनी फिल्म लगती है। इस फिल्म को बनाने के लिए सुभाषजी और मुक्ता आर्ट्स को धन्यवाद। और उन सभी प्रशंसकों का शुक्रिया, जिनके प्यार ने खलनायक को क्लासिक बना दिया है।"


Click it and Unblock the Notifications