हथकड़ी से पहले जंजीर पहनेंगे संजय
बॉलीवुड के मु्न्नाभाई संजय दत्त जल्द ही अपनी फिल्मों की शूटिंग शुरु करने वाले हैं। संजय दत्त को सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में 1993 में मुंबई में हुए बम धमाकों के दौरान गैरकानूनी तौर पर हथियार रखने के इल्जाम में 5 साल की जेल की सजा सुनाई है। सुप्रीम कोर्ट ने संजय दत्त को चार हफ्तों का वक्त भी दिया है कि वो खुद को कोर्ट पुलिस की हिरासत में दे सकें। संजय दत्त ने इन चार हफ्तों में अपनी अधूरी पड़ी फिल्मों को पूरा करने का फैसला किया है। खबर है कि संजय दत्त इस गुरुवार 28 मार्च से फिल्म जंजीर की शूटिंग शुरु करेंगे। जंजीर फिल्म के निर्देशक हैं अपूर्व लखिया। अपूर्व ने ही मीडिया को बताया है कि संजय दत्त फिल्म जंजीर की शूटिगं जल्द ही शुरु करेंगे।
जंजीर फिल्म अमिताभ बच्चन की 1973 में रिलीज हुई फिल्म का रीमेक है। फिल्म में संजय दत्त ने अमिताभ के दोस्त शेरखान यानी प्राण का किरदार निभाया है। फिल्म में प्रियंका चोपड़ा और तेलुगु एक्टर रामचरण मुख्य किरदार में हैं। संजय दत्त के पास इस समय दो और फिल्में पुलिसगीरी और राजकुमार हिरानी की पीके है। इऩ दोनों फिल्मों की शूटिंग भी संजय दत्त जल्द से जल्द करेंगे। ताकि उनके जेल में रहने के दौरान इन निर्देशकों को किसी तरह की कोई परेशानी या नुकसान ना हो। संजय दत्त को जब कोर्ट का फैसला मिला तभी उन्होंने अपनी फिल्म के निर्देशकों से वादा किया था कि वो किसी भी हालत में जेल जाने से पहले सभी फिल्मों को पूरा करेंगे।
संजय दत्त हमेशा से ही लोगों की मदद करते आए हैं। वो नहीं चाहते कि उनकी वजह से किसी और का नुकसान हो। फिल्हाल संजय दत्त को तीन साल 6 महीने जेल में बिताने हैं। क्योंकि वो पहले ही 18 महीने जेल में बिता चुके हैं। जंजीर फिल्म के निर्देशक लखिया का कहना है कि जंजीर फिल्म को पूरा करने के लिेए संजय दत्त को पूरे तीन दिन लगेंगे। वाकई संजय दत्त काबिले तारीफ हैं कि इतनी मुसीबत के समय भी वो लोगों के बारे में सोच रहे हैं और अपने काम के प्रति पूरी तरह से ईमानदार बने हुए हैं।


Click it and Unblock the Notifications