जेल से मान्यता के लिए संजू ने भेजा गुलाब
मुंबई। अभिनेता संजय दत्त इन दिनों जेल में अपनी बची साढ़े तीन साल की सजा काट रहे है, लेकिन इसके बावजूद वह पत्नी मान्यता को उनके जन्मदिन पर बधाई देना नहीं भूले। इस अवसर पर संजय ने एक गुलाब मान्यता को भेजा है। इस बारे में एक सूत्र ने बताया कि संजय ने एक दिन जेल के एक छोटे से बगीचे में गुलाब देखा, जिसे तोड़कर वो अपनी सेल में ले आये और इसे किताबों के बीच रखकर सुखाया। संजय ने मान्यता के लिए दो लाइन की कविता लिखकर गुलाब के साथ भेजी।
मान्यता दत्त हर साल 22 जुलाई को अपना जन्मदिन मनाती हैं, पर इस बार संजय के जेल में होने के कारण उन्होने अपना जन्मदिन नहीं मनाया है, लेकिन संजय उन्हें बधाई देना नहीं भूले। गौरतलब है कि अवैध हथियार रखने के आरोप में अभिनेता को टाडा कोर्ट ने पांच साल की सजा सुनाई थी। जिसमें से 18 महीने वह जेल में बिता चुके हैं बाकी की साढ़े तीन साल की सजा के लिए वह यरवदा जेल में हैं।
अभी कल ही सुप्रीम कोर्ट ने संजय दत्त की सजा की पुनर्विचार याचिका ठुकरा दी है। जो कि उनके लिए एक आखिरी उम्मीद थी। संजय दत्त ने 16 मई को आत्मसमर्पण किया था अब उन्हें 2016 तक जेल में ही बिताना है। इस दौरान उनके प्रोडक्शन हाउस का काम उनकी पत्नी मान्यता संभाल रही हैं। सुप्रीम कोर्ट द्वारा याचिका ठुकराये जाने पर राष्ट्रपति के पास ही अधिकार होता है कि वह चाहे तो सजा माफ कर सकता है, पर अब लगता है संजय के पास सजा से बचने को कोई रास्ता नहीं है।


Click it and Unblock the Notifications












