ब्लॉकबस्टर 'मुन्नाभाई' सीरिज की अगली फिल्म कब होगी शुरु- संजय दत्त ने दिया जवाब!
फिल्म 'बाबा' के ट्रेलर लांच पर संजय दत्त ने मीडिया से बातें करते हुए मुन्नाभाई 3 पर भी जानकारी शेयर की। फिल्म के बारे में पूछे जाने पर संजय दत्त ने कहा कि जैसे आप इस फिल्म का इंतजार कर रहे हैं, वैसे मैं भी इंतजार कर रहा हूं। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि फिल्म जल्द शुरु हो। लेकिन फिल्म कब बनेगी, मुझे लगता है कि यह सवाल राजू हिरानी से पूछा जाना चाहिए। इस बारे में सही जवाब वही दे पाएंगे।
बता दें, पहले खबर थी कि साल के अंत तक मुन्नाभाई शुरु हो जाएगी। लेकिन फिलहाल मुन्नाभाई 3 ठंडे बस्ते में जाती दिख रही है। फिल्म के निर्देशक राजकुमार हिरानी का नाम मी टू अभियान में फंस चुका है। जिसके बाद विधु विनोद चोपड़ा ने अपनी फिल्मों से हिरानी का नाम हटा दिया है। अब ऐसे में मुन्नाभाई भी अधर में लटक चुकी है।
वहीं, अपनी आने वाली फिल्मों और किरदार पर बात करते हुए संजय दत्त ने कहा,'अब मैं पेड़ों के इर्द-गिर्द और लड़कियों के साथ नाच नहीं सकता। मैं कुछ बढ़िया किस्म के किरदार करना चाहूंगा, जैसे कि (हॉलीवुड स्टार्स) मेल गिब्सन करते हैं, डेंजिल वॉशिंगटन करते हैं। 'रॉकी' से लेकर अब तक का सफ़र काफी लंबा रहा है। काफी कुछ सीखने को मिला है क्योंकि मैंने बहुत बड़े-बड़े एक्टर्स के साथ काम किया है और उनसे मैंने बहुत कुछ सीखा है।'


Click it and Unblock the Notifications











