अजय देवगन की हिम्मत बढ़ाने पहुंचे संजय दत्त
बॉलीवुड के एक्टर अक्सर अपनी दोस्ती निभाने और जताने के लिए अपने दोस्तों की चल रही शूटिंग पर अचानक पहुंच कर उन्हें शॉक्ड कर देते हैं। कुछ ऐसा ही किया संजय दत्त ने जब वो अपने करीबी दोस्त अजय देवगन की आने वाली फिल्म 'हिम्मतवाला' की हैदराबाद में चल रही शूटिंग के सेट पर पहुंच गये और वहां पर बैठकर अजय देवगन के डांस का भरपूर आनंद लिया। अजय देवगन भी अपने दोस्त को देखकर बेहद खुश हुए। जल्दी से शूटिंग खत्म करके उन्होंने संजय दत्त के साथ ढ़ेर सारा वक्त बिताया और साथ ही अपने डांस को लेकर संजय से उनकी राय भी पूछी।
ज्ञात हो कि साजिद खान अपनी फिल्म हिम्मतवाला जो कि जीतेंद्र और श्रीदेवी की साल 1983 में रिलीज हुई हिम्मतवाला फिल्म की रीमेक है की शूटिंग के लिए हैदराबाद में अपनी पूरी टीम के साथ मौजूद थे। अजय देवगन और तमन्ना फिल्म के गाने ताकी ओ ताकी की शूटिंग कर रहे थे और तभी अचानक ही संजय दत्त वहां पर आ गये। उन्हें इस तरह अचानक देख हर कोई शॉक्ड रह गया। अजय देवगन ने आगे बढ़कर संजय दत्त को गले लगाया। संजय दत्त ने शूट पर बैठकर अजय देवगन और तमन्ना के डांस का आनंद लिया और शूटिंग के बाद संजय दत्त और अजय देवगन ने मिलकर काफी देर तक बातें कीं।
संजय दत्त भी इस वक्त अपनी दो फिल्मों पुलिसवाला और पीके की शूटिंग मे व्यस्त हैं। लेकिन फिर भी उन्होंने अपनी वय्स्तता से वक्त निकालकर अपने दोस्त अजय को सरप्राइज देने की सोची और हिम्मतवाला के सेट पर आ पहुंचे। अजय देवगन और तमन्ना अभिनीत फिल्म हिम्मतवाला 29 मार्च को रिलीज होगी। फिल्म में अजय देवगन ने जीतेंद्र की और तमन्ना ने श्रीदेवी की भूमिका निभाई है।


Click it and Unblock the Notifications
