घनचक्कर से आउट संजू बाबा, बिग बी दुखी
सुप्रीम कोर्ट ने अभिनेता संजय दत्त को सजा क्या सुनायी, बॉलीवुड में भूचाल आ गया है। उनको लेकर क्या नेता और क्या अभिनेता सभी एक साथ खड़े हो गये हैं। लेकिन हालात और सितारे दोनों ही संजय दत्त के विरोध में हैं ऐसे में संजू बाबा ने नये किसी भी प्रोजेक्ट में हाथ लगाने से मना कर दिया है। इसलिए उन्होंने इमरान हाशमी और विद्या बालन की पहली कॉमेडी फिल्म घन चक्कर में गेस्ट रोल करने से मना कर दिया है।
संजय द्त्त के दुख से दुखी अभिनेता अमिताभ बच्चन ने मीडिया वालों से गुजारिश की है वो इस समय संजय दत्त को पूरी तरह से अकेला छोड़ दें। बिग बी ने कहा कि संकट की इस घड़ी में संजय दत्त पर और चर्चा ना की जाये क्योंकि ऐसा खुद संजय दत्त चाहते हैं।
हो सकता है कि वो अपना बचा वक्त अकेले में और अपने परिवार के साथ बिताना चाहते हैं। संजय दत्त की इच्छा और कोर्ट के फैसले का सम्मान हर किसी को करना चाहिए।मालूम हो कि बीते दिनों सुप्रीम कोर्ट ने मुंबई ब्लास्ट में इस्तेमाल हुए अवैध हथियार रखने के लिए संजय दत्त को दोषी करार दिया है। जिसके लिए उन्हें पांच साल की सजा सुनायी गयी है। सजा के ऐलान के बाद लगातार तमाम अभिनेता और नेतागण संजू बाबा की माफी को लेकर राज्यपाल से गुहार लगा रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications












