संजय दत्त पर बायोपिक छवि सुधारने के लिए नहीं-रणबीर कपूर
राजकुमार हिरानी संजय दत्त की जिंदगी पर फ़िल्म बना रहे हैं. इसमें रणबीर कपूर संजय की भूमिका निभाएंगे.
राजकुमार हिरानी निर्देशित अभिनेता संजय दत्त की बायोपिक में रणबीर कपूर संजय दत्त के किरदार में नज़र आएंगे और उन्होंने बताया कि ये बायोपिक कोई प्रोपेगंडा फ़िल्म या संजय दत्त की छवि सुधारने वाली फ़िल्म नहीं है.
बीबीसी से रूबरू हुए रणबीर ने कहा,"संजय दत्त ऐसे सुपरस्टार है जिन्हें बहुत प्यार मिला है. ये बायोपिक कोई प्रोपेगंडा फ़िल्म नहीं है बल्कि एक ऐसे शख्सियत की कहानी है जिसने अपनी ज़िन्दगी में बहुत गलतियाँ की हैं और दर्शक उससे बहुत कुछ सीख हासिल करेंगे."
रणबीर कपूर की भाई-भतीजावाद पर दो टूक
पिता के साथ मेरे औपचारिक रिश्ते हैं: रणबीर
रणबीर ने माना कि बड़े पर्दे पर संजय दत्त की भूमिका निभाना मुश्किल था.
जहां दूसरे फ़िल्मी सितारे सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं वहीं रणबीर कपूर ने ख़ुद को इससे अलग रखा है.
जबकि उनके पिता और अभिनेता ऋषि कपूर के कुछ ट्वीट्स की वजह से अक्सर विवाद होते रहते हैं.
रणबीर कहते हैं, "इन ट्वीट के कारण माता (नीतू कपूर) - पिता (ऋषि कपूर ) में झगड़े होते है. पर ट्विटर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का समर्थन करता है और मेरे पिता उन लोगों में से है जो ज़्यादा सोच विचार कर नहीं कहते, जो दिल में है, वही कह देते है. ये प्रशंसनीय बात है."
रणबीर ने माना कि बॉक्स ऑफिस की सफलता सबसे अहम है. बतौर अभिनेता आप कितना भी अच्छा काम कर लो अगर फ़िल्में बॉक्स ऑफिस पर नहीं चली तो फ़िल्म अच्छी नहीं है.
दूसरे अभिनेताओं के काम पर नज़र रखने वाले रणबीर कहते है, "मैं सभी के काम पर नज़र रखता हूँ अमित सर से लेकर वरुण धवन तक. सब बहुत ही बेहतरीन काम कर रहे है. अब ऐसा दौर आया है जब दक्षिण भारत की फ़िल्म भी कमाल कर रही है. हर कोई बाहुबली जैसी फ़िल्म चाहता है. हर साल ऐसी दो फ़िल्में आनी चाहिए. मैं कोशिश कर रहा हूँ कि ऐसी फ़िल्म मेरे करियर में आए."
कपूर खानदान की विरासत को आगे बढ़ाने वाले रणबीर इसे एक बोझ नहीं मानते. उनका कहना है कि इस विरासत ने उन्हें पहचान दी है.
वो कहते हैं, "ये ज़िम्मेदारी है बोझ नहीं. 80 साल से हमारा खानदान भारतीय सिनेमा में योगदान दे रहा है और मैं भी यही करना चाहता हूँ. अपने काम से माता पिता का मान बढ़ाना चाहता हूँ."
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)


Click it and Unblock the Notifications

