कॉमेडी फिल्म के लिए संजय दत्त और सुनील शेट्टी ने मिलाया हाथ- सालों बाद नजर आएंगे साथ
सालों बाद संजय दत्त और सुनील शेट्टी ने एक आगामी फिल्म के लिए हाथ मिलाया है। यह एक कॉमेडी- फैमिली ड्रामा होगी। रिपोर्ट्स की मानें तो इस फिल्म का निर्देशन समीर कार्णिक करने वाले हैं, जो इससे पहले 'यमला पागल दीवाना' डायरेक्ट कर चुके हैं। फिल्म में संजय दत्त, सुनील शेट्टी के अलावा ईशा गुप्ता, जायद खान, सौरभ शुक्ला और जावेद जाफरी अहम किरदारों में होंगे।
फिल्म से जुड़े एक सूत्र की मानें तो ये फिल्म एक आउट-एंड-आउट कॉमेडी है। संजय और सुनील दोनों को पंजाबियों की भूमिका निभाते हुए देखा जाएगा, जबकि ईशा गुप्ता, जायद खान, सौरभ शुक्ला और जावेद जाफ़री के रोल्स को अभी के लिए गुप्त रखा गया है।

बता दें, संजय दत्त और सुनील शेट्टी अब तक 'कांटे', 'शूटआउट एट लोखंडवाला', 'रूद्राक्ष', 'रक्त', 'एलओसी कारगिल' जैसी फिल्मों में साथ दिख चुके हैं।
फिलहाल दोनों अपनी आगामी फिल्मों में व्यस्त हैं। इस फिल्म के अलावा संजय दत्त की आने वाली फिल्मों में 'केजीएफ- चैप्टर 2' शामिल है, जिसमें वो विलेन अधीरा का किरदार निभा रहे हैं। साथ ही वो यशराज बैनर की फिल्में पृथ्वीराज और शमशेरा में भी अहम किरदारों में नजर आने वाले हैं।
वहीं, सुनील शेट्टी पैन इंडिया फिल्म 'घनी' में नजर आने वाले हैं। साथ ही एक नेटफ्लिक्स सीरीज के साथ उनकी ओटीटी डेब्यू की भी खबरें चल रही हैं, हालांंकि इस बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक सूचना नहीं है।


Click it and Unblock the Notifications