'कांचा चीना' दोहरायेगा 'खलनायक' का इतिहास

इन दिनों फिल्म अभिनेता संजय दत्त अपनी आने वाली फिल्म अग्निपथ को लेकर खासा चर्चा में है। फिल्म में संजय दत्त खलनायक की भूमिका में है। फिल्म में उनके लुक की भी काफी चर्चा है। फिल्म के करेक्टर का नाम है 'कांचा चीना'। फिल्म के प्रोमो में गंजे और भारी-भरकम कांचा चीना को जोर-शोर से दिखाया भी जा रहा है।
यह कोई पहला मौका नहीं है जब संजय दत्त किसी फिल्म में नकारात्मक रोल या खलनायक की भूमिका कर रहे हैं। संजय दत्त के करियर में खलनायक और वास्तव जैसी फिल्में हैं जिसने सफलता की ऐसी कहानियां लिखी है जिसे लिख पाना हर किसी के बस में नहीं होता।
साल 1993 में आयी सुपरहिट फिल्म खलनायक में संजू बाबा ने अपने अभिनय के ऐसे गुर बिखेरे जिसे जिस किसी ने भी देखा बस इन्ही का दीवाना हो गया। फिल्म के हीरो तो जैकी श्राफ थे लेकिन फिल्म की सफलता का सेहरा बंधा संजू बाबा के सिर पर और संजय दत्त बॉलीवुड के सुपर स्टार बन गये थे। लेकिन किस्मत और वक्त ने संजू की पर्सनल लाइफ में ऐसी उठा-पटक की, जिसके चलते संजय दत्त अपनी इस सफलता को भूना नहीं पाये।
लेकिन कुछ समय बाद जब संजय दत्त ने दोबारा फिल्मों में वापसी की तो भी उन्होंने ग्रे किरदार ही चुना, फिल्म थी महेश मांजरेकर निर्मित वास्तव। साल 1999 में आयी इस फिल्म ने संजय दत्त को फिर से शीर्ष पर बिठा दिया और संजय दत्त को इस फिल्म के लिए बेस्ट एक्टर अवार्ड मिला। अब अग्निपथ में एक बार फिर से संजय दत्त ने नकारात्मक चरित्र चुना है।
जिसकी चर्चा फिल्म के हीरो रितिक रोशन से ज्यादा हो रही है। देखना दिलचस्प होगा कि कांचा चीना, खलनायक के बल्लू वाला जादू लोगों के दिलों में जगा पाता है कि नहीं? फिल्म 26 जनवरी को रूपहले पर्दे पर दस्तक दे रही है। फिल्म में रीतिक रोशन और प्रियंका चोपड़ा भी है। कहना गलत ना होगा कि संजू बनें कांचा चीना का लोगों को बेसब्री से इंतजार है।


Click it and Unblock the Notifications