फ़िल्म निर्माता शक्ति सामंत नहीं रहे

हिंदी फ़िल्मों के चर्चित निर्माता शक्ति सामंत का गुरुवार शाम मुंबई में निधन हो गया. वो 83 वर्ष के थे और पिछले कुछ दिनों से बीमार थे.
उनके परिवार के एक सदस्य ने बताया, "शक्ति सामंत ने शाम पाँच बजे सांताक्रूज़ स्थित अपने निवास पर आख़िरी साँस ली. वो पिछले दो महीनों से बीमार थे."
उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को मुंबई में ही होगा.
उन्होंने कटी पतंग, अमर-प्रेम और अराधना जैसी सुपरहिट फ़िल्मों का निर्माण किया.
वो पाँच वर्षों तक फ़िल्म प्रोड्यूसरों के संघ के अध्यक्ष भी रहे.
शक्ति सामंत का जन्म 13 जनवरी 1926 को पश्चिम बंगाल के बर्धमान में हुआ था. उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा ली.
वो शुरुआती दौर में अभिनेता बनना चाहते थे और इसी सपने को लेकर मुंबई आए जहाँ उन्हें तुरंत सफलता नहीं मिली. उन्होंने शिक्षक की नौकरी की.
लेकिन 1948 में उन्होंने सहायक निर्देशक के रुप में बॉलीवुड में प्रवेश किया. उनके निर्देशन में बनी पहली फ़िल्म थी बहू जो 1954 में रिलीज़ हुई.
वर्ष 1957 में उन्होंने शक्ति फ़िल्म्स के नाम से प्रोडक्शन हाउस बनाया और इसके तहत पहली फ़िल्म बनी हावड़ा ब्रिज के नाम से.
शक्ति सामंत ने 43 फीचर फ़िल्मों का निर्देशन किया जिनमें चाइना टाउन, कश्मीर की कली और एन इवनिंग इन पेरिस जैसी फ़िल्में शामिल थी.
उन्हें अराधना, अनुराग और अमानुष की अपार सफलता के बाद फ़िल्मफ़ेयर पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था.


Click it and Unblock the Notifications











