मिस्टर और मिसेज़ खन्ना..
सलमान ख़ान और करीना कपूर आजकल एक दूसरे की तारीफ़ करते नहीं थक रहे. वजह है उनकी आने वाली फ़िल्म ‘मैं और मिसेज़ खन्ना’
सलमान ख़ान कहते हैं,"वो बहुत अच्छी एक्टर और व्यक्ति हैं, उनमें वो सभी गुण हैं जो हिंदी फ़िल्म की अभिनेत्री में होने चाहिए."
और करीना? उन्हें भी प्रशंसा के शब्दों की कोई कमी नहीं पड़ रही है. वो कहती हैं,"सलमान और सोहेल के साथ काम करना एक बढ़िया अनुभव है. ये परिवार के साथ काम करने जैसा है. ये लोग मेरी बहन करिश्मा के भी बहुत क़रीब हैं. सोहेल एक बढ़िया निर्माता हैं और अच्छे सह-अभिनेता भी."
मैं और मिसेज़ ख़न्ना के निर्माता सोहेल ख़ान हैं और निर्देशक हैं प्रेम सोनी. ये सोनी की बतौर निर्देशक पहली फ़िल्म है.
मज़बूत किरदार
करीना कहती हैं कि वैसे तो हर फ़िल्म उनके लिए ख़ास होती है लेकिन ये कुछ ज़्यादा ही ख़ास है क्योंकि वो निर्देशक प्रेम सोनी को बहुत सालों से जानती हैं.
फ़िल्म के बारे में सलमान कहते हैं,"आपने प्रेम त्रिकोण की बहुत-सी फ़िल्में देखीं होंगी जिनमें दो लड़के एक लड़की से प्यार करते हैं लेकिन इस फ़िल्म में एक लड़की से दो लड़के प्यार करते हैं. इस फ़िल्म में लड़की तमाम ग़लतफ़हमियों के बीच अपना आत्मसम्मान बनाए रखती है."
करीना भी कहती हैं कि लड़की का किरदार काफ़ी मज़बूत है क्योंकि फ़िल्म की कहानी इसी लड़की के ज़रिए सुनाई गई है.
परिवार
इस फ़िल्म में सलमान के साथ उनके भाई सोहेल ख़ान भी हैं.
सलमान ने अपने भाई के साथ काम करने पर कहा, "वे मुझसे पांच साल छोटे हैं, हम एक-दूसरे के बहुत क़रीब हैं और शायद इसलिए हम दोनों कैमरे पर एक साथ काफ़ी सहज लगते हैं."
सलमान ख़ान ने करीना की बहन करिश्मा के साथ कई हिट फ़िल्में दी हैं.
ये पूछे जाने पर कि अब छोटी बहन के साथ काम करने में कैसा लगता है सलमान का मुस्कराते हुए जवाब था,"करिश्मा अब काम नहीं कर रहीं हैं. भगवान का शुक्र है कि उसकी छोटी बहन करीना फ़िल्मों में हैं."
सलमान ख़ान हाल में युवराज,हीरोज़,हैलो,गॉड तुसी ग्रेट हो जैसी फ़िल्मों में नज़र आये हैं. ज़ाहिर है उन्हें एक अदद हिट की तलाश है.
करीना भी एक हिट के इंतज़ार में हैं.


Click it and Unblock the Notifications