सलमान खान की बहन की शादी की तैयारियां जोरों पर
नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश में हालांकि जाड़े का असर महसूस होने लगा है, पर उसमें भी एक तरह की गर्मजोशी है। वजह यह है कि पूर्व संचार मंत्री सुखराम के पोते आयुष की मशहूर फिल्म अभिनेता सलमान खान की बहन अर्पिता के साथ हो रही हाईप्रोफाइल शादी के बाद एक रिसेप्शन सूबे के मंडी शहर में होगा। इसकी तैयारियां चल रही हैं हालांकि भी तारीख कई घोषणा होनी है। इस रिसेप्शन में सलमान खान अपने सारे कुनबे के साथ शिरकत करेंगे। यही वजह है कि मंडी के लोग ही नहीं, बल्कि प्रदेश भर के लोग इस रिसेप्शन का उत्सुकता से इंतजार कर रहे हैं।

हिमाचल में इंतजार सल्लू का
दूल्हे आयुष शर्मा के पिता अनिल शर्मा मंडी के विधायक होने के साथ-साथ हिमाचल के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री भी हैं, इसलिए इस रिसेप्शन के लिए हजारों लोगों को बुलावा दिया जाएगा।
आयुष और अर्पिता की शादी के लिए सलमान खान ने चूंकि हैदराबाद के सेवन स्टार होटल फलकनुमा पैलेस को बुक कराया है, इसलिए हिमाचल के ज्यादातर लोग वहां भाग नहीं ले पाएंगे। बकौल अनिल शर्मा वे अपने परिवार सहित 17 नवंबर को हैदराबाद के लिए रवाना होंगे। 18 नवंबर को शादी होगी। इसके बाद 20 नवंबर को लड़के वाले मुंबई के लिए रवाना होंगे।
मुंबई में 21 नवंबर को सलमान खान ने रिसेप्शन रखी है। इस रिसेप्शन में उन सभी लोगों को बुलाया जाएगा जो हैदराबाद में होने वाली शादी का हिस्सा नहीं होंगे। हैदराबाद में केवल गिने-चुने लोगों को ही आमंत्रित किया गया है। इस शादी के लिए सलमान खान ने फिल्म जगत की जानी-मानी हस्तियों के अलावा उद्योग जगत से जुड़े अपने खास मित्रों के साथ-साथ देश के प्रमुख राजनेताओं को भी बुलाया है।


Click it and Unblock the Notifications











