जब मेरा करियर खत्म हो चुका था तब बोनी कपूर ने मुझे सहारा दिया - सलमान खान ने इमोशनल होकर कहा धन्यवाद
आईफा अवार्ड्स 2022 ने इस साल, आईफा और सलमान खान के रिश्तों के 20 साल पूरा होने का जश्न मनाया। इस दौरान, सलमान खान ने भी अपने 34 साल के करियर के बारे में बात की और पुराने दिन याद किए। सलमान खान ने 1988 में फिल्म बीवी हो तो ऐसी के साथ अपना फिल्म डेब्यू किया था।
इसके बाद सलमान खान का करियर कभी हमेशा ऊंचाई पर नहीं रहा। उन दिनों को याद करते हुए सलमान खान ने उस व्यक्ति को धन्यवाद कहा जिसने उनके करियर को तब बचाया जब सलमान को लगा कि उनका करियर खत्म हो चुका है।

सलमान खान ने आईफा के दौरान पुराने दिन याद करते हुए बोनी कपूर को धन्यवाद दिया और कहा कि इन्होंने मेरा करियर बचाया। मुझे वॉन्टेड जैसी फिल्म दी। इसके बाद नो एंट्री दी जिससे अनिल कपूर ने भी अपना कमबैक किया। तो इन फिल्मों के लिए धन्यवाद।

बोनी कपूर ने दिया जीवनदान
सलमान खान को जीवनदान दिया था बोनी कपूर और प्रभुदेवा ने फिल्म वांटेड के साथ। इस फिल्म में सलमान खान ने एक्शन किरदार के साथ परदे पर वापसी की और उनका ये कमबैक, उनके करियर के लिए बहुत फायदेमंद साबित हुआ। इस फिल्म के साथ सलमान खान परदे पर वही दिखाई दिए जो कि वो असल ज़िंदगी में है - सबकी आन, सबकी शान, सबका एक भाईजान।

एक के बाद एक ब्लॉकबस्टर फिल्में
सलमान खान की भाई इमेज फैन्स को इतनी पसंद आ गई कि उनकी ये रॉबिनहुज सरीखी गुंडई और स्वैग फैन्स को भा गया। इसके बाद सलमान खान ने बॉक्स ऑफिस पर सालों तक राज किया। वो जिस भी फिल्म के साथ जब भी स्क्रीन पर आते मानो बॉक्स ऑफिस के लिए त्योहार हो जाता। इस बीच सलमान खान ने एक्शन के साथ ही बजरंगी भाईजान जैसी इमोशनल फिल्म भी दी जो कि उनके करियर की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक है। सुलतान में सलमान ने एक्शन और इमोशन दोनों दे डाला।

प्रेम की इमेज के साथ हुई थी एंट्री
सलमान खान करियर की शुरूआत से सूरज बड़जात्या की बनाई हुई प्रेम की इमेज पर ही टिके रहे। वो बॉलीवुड के टिपिकल रोमांटिक हीरो के अवतार में बस चुके थे। हालांकि, बीच बीच में करण - अर्जुन और बंधन जैसी फिल्मों के साथ सलमान खान ने अपनी रोमांटिक छवि को तोड़ने की कोशिश ज़रूर की थी लेकिन दर्शकों का प्यार उनकी इसी छवि के साथ मिलता था।

फ्लॉप फिल्मों का शुरू हुआ सिलसिला
90 के दशक के अंत तक सलमान खान रोमांटिक कॉमेडी छवि का ओवरडोज़ दर्शकों को मिला। ऐश्वर्या राय से ब्रेकअप के बाद उनकी रियल इमेज उनकी रील इमेज पर हावी पड़ गई और सलमान खान की फिल्में धड़ाधड़ फ्लॉप होती चली गईं। इन फिल्मों में सलमान खान की छवि रोमांस और कॉमेडी की थी जबकि रियल लाईफ में उनकी इमेज एंग्री यंग मैन की बन चुकी थी।

पहला जीवनदान सतीश कौशिक ने दिया
सलमान खान को सबसे पहला इमेज मेकओवर मिला था सतीश कौशिक की फिल्म तेरे नाम के साथ। दिलचस्प ये है कि इस फिल्म को सलमान खान ने झट से हां कह दिया था। पहले इस फिल्म में सलमान खान को अनुराग कश्यप डायरेक्ट करने वाले थे लेकिन अनुराग कश्यप ने सलमान खान कोे अपने छाती के बाल बढ़ाने को कहा और इस बात से नाराज़ होकर सलमान ने अनुराग को फिल्म से बाहर का रास्ता दिखा दिया।

फिर से सचेत हो चुके हैं सलमान
अब एक बार फिर दर्शक सलमान खान की छवि से आज़िज़ आ चुके हैं। ट्यूबलाईट और भारत में सलमान खान के इमोशन को दर्शकों ने नकार दिया तो वहीं रेस 3, दबंग 3 और राधे में सलमान खान के एक्शन को सिरे से दरकिनार कर दिया गया है। ऐसे में अब एक बार फिर सलमान खान अपने करियर की दिशा और अपने किरदारों के चुनाव को लेकर काफी ज़्यादा सचेत हो चुके हैं। उनकी आने वाली फिल्मों में बोनी कपूर के साथ नो एंट्री सीक्वल भी शामिल है।
गौरतलब है कि सलमान खान और बोनी कपूर के बीच काफी समय से कोल्ड वॉर चल रही थी। बोनी कपूर ने एक इंटरव्यू में भी बताया था कि सलमान खान के साथ मेरे रिश्ते अब पहले जैसे नहीं रहे हैं। लेकिन एक समय था जब सलमान खान ने ही अर्जुन को एक्टिंग करने की सलाह दी थी और उसे एक्टर बनने के लिए पूरी ट्रेनिंग भी खुद ही दी थी। इसके लिए मैं हमेशा उनका आभारी रहूंगा।


Click it and Unblock the Notifications











