सलमान खान का कभी ईद कभी दिवाली पर बड़ा फैसला, प्रोड्यूसर साजिद नाडियाडवाला ने छोड़ी फिल्म
सलमान खान और उनके बेस्ट फ्रेंड साजिद नाडियाडवाला ने बड़े ही जोश के साथ अपनी अगली फिल्म कभी ईद कभी दिवाली का एलान किया था। ये फिल्म बना रहे थे डायरेक्टर - राईटर जोड़ी साजिद - फरहाद के साजिद सामजी। लेकिन अब ताज़ा रिपोर्ट्स की मानें तो साजिद नाडियाडवाला इस फिल्म से बाहर हो चुके हैं।
इसका कारण है सलमान और साजिद नाडियाडवाला के बीच के क्रिएटिव मतभेद। दरअसल, साजिद नाडियाडवाला को फिल्म की स्क्रिप्ट ज़्यादा पसंद नहीं आ रही थी। और वो चाहते थे कि इस पर और काम हो।

लेकिन सलमान खान अपनी अगली फिल्म टाईगर 3 के पूरा होते ही कभी ईद कभी दिवाली पर काम शुरू करना चाहते हैं और इसलिए वो स्क्रिप्ट में अब कोई बदलाव नहीं चाहते हैं। यही कारण है कि साजिद नाडियाडवाला ने इस फिल्म से दूरी बनाने का फैसला कर लिया है और सलमान खान अब इसे सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले अकेले प्रोड्यूस करेंगे।

प्रोड्यूसर के तौर पर शुरूआत
प्रोड्यूसर के तौर पर सलमान खान की शुरूआत हुई थी फिल्म चिल्लर पार्टी के साथ। इस फिल्म बेस्ट इंटरटेनिंग फिल्म का नेशनल अवार्ड भी मिला था। ये सलमान खान के करियर का पहला अवार्ड था और बतौर प्रोड्यूसर सलमान खान ने एक सफल पारी की शुरूआत की थी।

दूसरा नेशनल अवार्ड
प्रोड्यूसर के तौर पर सलमान खान फिल्म्स ने कबीर खान के प्रोडक्शन हाउस के साथ मिलकर बजरंगी भाईजान प्रोड्यूस की थी। इस फिल्म को भी बेस्ट इंटरटेनिंग फिल्म का नेशनल अवार्ड मिला था। और यहीं से ये तय हो गया कि सलमान खान फिल्म्स एक सफल बैनर है। सलमान खान अपने प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले अपनी हर फिल्म को साथ में प्रोड्यूस करते हैं।

लॉन्च किया टैलेंट
सलमान खान ने इसके बाद दो स्टार किड्स को लॉन्च किया। उन्होंने फिल्म हीरो के रीमेक के साथ आदित्य पंचोली के बेटे सूरज पंचोली और सुनील शेट्टी की बेटी अथिया शेट्टी को लॉन्च किया। हालांकि, फिल्म नहीं चली और ना ही अथिया और सूरज का करियर। लेकिन सलमान खान के नाम पर इस फिल्म को लाइमलाइट जमकर मिली थी।

बहन के पति को किया लॉन्च
इसके बाद सलमान खान ने अपनी बहन अर्पिता खान शर्मा के पति आयुष शर्मा को भी फिल्म लवयात्री के साथ लॉन्च किया। इस फिल्म में आयुष के साथ वरीना हुसैन को भी लॉन्च किया गया। वरीना का चेहरा एक कॉन्टेस्ट के ज़रिए ढूंढा गया था। ये फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर ज़्यादा नहीं चली।

अगला टैलेंट लॉन्च
इसके बाद सलमान खान फिल्म्स ने सलमान खान के बेस्ट फ्रेंड के बेटे ज़हीर इक़बाल को मोहनीश बहल की बेटी प्रनूतन बहल के साथ लॉन्च किया। इस बार सलमान खान फिल्म के प्रमोशन से दूर ही रहे। ये दोनों स्टार किड्स और इनकी फिल्म नोटबुक को मिला जुला रिस्पॉन्स मिला।

टाईगर को करेंगे लॉन्च
माना जा रहा है कि अब सलमान खान, अपने बॉडीगार्ड शेरा के बेटे टाईगर को लॉन्च करने की तैयारी कर रहे हैं। टाईगर सलमान खान के अंदर रह कर ही ट्रेनिंग ले रहे हैं और वो टाईगर ज़िंदा है में अली अब्बास ज़फर को असिस्ट भी कर चुके हैं।
कभी ईद कभी दिवाली में सलमान खान के साथ पूजा हेगड़े दिखाई देंगी। पूजा, हाल में सलमान खान के साथ उनके दबंग टूर में भी थीं जहां सलमान और पूजा की केमिस्ट्री दर्शकों को काफी पसंद आई। अब देखना है कि कभी ईद कभी दिवाली, कब बन कर तैयार होती है।


Click it and Unblock the Notifications











