सलमान खान ने छोड़ा आमिर खान की लाल सिंह चड्ढा का कैमियो, करियर में 16वीं बार बनने जा रहे थे प्रेम
सलमान खान, कैटरीना कैफ के साथ अपनी फिल्म टाईगर 3 के आखिरी शेड्यूल को पूरा करने नोएडा जा चुके हैं और डेट्स की कमी के चलते उन्हें एक कड़ा फैसला लेना पड़ा है। सलमान खान, आमिर खान की लाल सिंह चड्ढा में अपने कैमियो रोल को मना कर चुके हैं। ये बात सुनकर फैन्स का दिल टूट गया है।
गौरतलब है कि 4 मिनट के इस कैमियो के लिए सलमान खान ने दो बार डेट्स दी लेकिन दोनों बार कोरोना के चलते ये शूटिंग नहीं हो पाई। वहीं आमिर खान की फिल्म भी समय से काफी पीछे चल रही है जिसकी वजह से उन्हें अपनी फिल्म पोस्टपोन तक करनी पड़ी है।

इस फिल्म में सलमान खान के साथ शाहरूख खान के कैमियो की भी खबर थी लेकिन अब हालात को देखकर लग रहा है कि वो भी नामुमकिन होगा। क्योंकि शाहरूख खान भी जल्दी ही पठान की शूटिंग के लिए स्पेन रवाना हो रहे हैं। आमिर खान की ये फिल्म कई दशकों में फैली है और फिल्म में शाहरूख और सलमान अपने 90 के दशक के किरदारों के साथ नज़र आने वाले थे।
जहां शाहरूख खान फिल्म में राहुल के अवतार में दिखने वाले थे वहीं सलमान खान अपने मैंने प्यार किया वाले प्रेम के किरदार में। वैसे आपको बता दें कि सलमान अपने करियर में 16वीं बार प्रेम बनने जा रहे थे। पिछले 15 बार का हिसाब, हम आपको दे देते हैं -

प्रेम की शुरूआत
सलमान खान के प्रेम अवतार की शुरूआत हुई थी राजश्री प्रोडक्शन्स के साथ। 1989 में सूरज बड़जात्या ने सलमान खान को नाम दिया प्रेम और मैंने प्यार किया में इसी नाम और किरदार के साथ सलमान खान ने फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा। इस फिल्म में सलमान खान का साथ दिया था भाग्यश्री ने सुमन के किरदार में।

आगे बढ़ा सफर
इसके बाद सलमान खान ने प्रेम के स्क्रीन नेम को अपने नाम कर लिया 1994 में आई फिल्म हम आपके हैं कौन के साथ। इस फिल्म को भी सूरज बड़जात्या ने ही डायरेक्ट किया था। इस फिल्म में सलमान खान का साथ दिया था माधुरी दीक्षित ने निशा के किरदार में।

दीवाना मस्ताना
गोविंदा और अनिल कपूर स्टारर इस फिल्म में सलमान खान कैमियो में नज़र आए थे जो अंत में जुही चावला को ब्याह कर ले गए थे। इस फिल्म की शूटिंग के दौरान, सलमान खान और जुही चावला में ऐसी गलतफहमी हुई कि दोनों ने पूरे करियर एक दूसरे के साथ काम नहीं किया।

अंदाज़ अपना अपना
अपने अमर प्रेम को भूले तो नहीं होंगे पर अगर हम याद नहीं दिलाते तो ये शैतान वाला प्रेम याद आता क्या!

आइल्ला जुड़वा
सलमान खान ने इस फिल्म से हंसा हंसा कर लोट पोट कर दिया था। चलती है क्या नौ से बारह? राजा के अलावा सलमान खान का दूसरा किरदार था - प्रेम।

सिर्फ तुम
सलमान खान का स्क्रीन नेम प्रेम इतना मशहूर हो गया था कि फिल्म सिर्फ तुम में भी सलमान खान इसी नाम के साथ कैमियो करते नज़र आए।

बीवी नंबर वन
एक घरवाली और एक बाहरवाली। बीच में प्रेम। पर उस पर कभी गुस्सा नहीं आया होगा आपको! ये शायद डेविड धवन ही कर सकते थे।

हम साथ साथ हैं
ये वाला प्रेम हमारा तो फेवरिट है। वो अलग बात है कि इस फिल्म ने उन्हें ज़िंदगी भर का गम दे दिया....काला हिरण शिकार मामला!

चल मेरे भाई
अब किसे पता था कि दोनों भाई को एक दूसरे से इतना प्यार है। संजय दत्त और सलमान खान इस फिल्म में करिश्मा कपूर के साथ एक लव ट्राएंगल में दिखाई दिए।

कहीं प्यार ना हो जाए
इस फिल्म में सलमान खान कहीं प्यार ना हो जाए कहते कहते इतनी बार प्यार करते हैं कि पूछिए मत!

नो एंट्री
लव गुरू सलमान खान। वैसे इस फिल्म में जितने कूल वो हैं उतने ही असल में भी हैं ये तो तय बात है।

पार्टनर
इस फिल्म में सलमान खान गोविंदा के लव गुरू बने थे और वो गोविंदा की मदद कर रहे थे कैटरीना कैफ को रिझाने में!

मैरीगोल्ड
माफ कर दीजिए....ये हम नहीं देख पाए। इस फिल्म के बारे में हमें कुछ नहीं पता सिवाय इसके कि उनका नाम प्रेम था!

रेडी
गिन पाए अब तक कितने हुए...जी हां पूरे चौदह बार सलमान खान प्रेम बन चुके हैं! रेडी एक कॉमेडी फिल्म थी जिसमें सलमान खान का साथ दिया था असिन ने।

आखिरी बार
प्रेम रतन धन पायो में सलमान खान आखिरी बार प्रेम के किरदार में दिखे थे। अब लाल सिंह चड्ढा में वो 16वीं बार अपने करियर में प्रेम का किरदार निभाने जा रहे थे। इसलिए अब सलमान खान का कैमियो कैंसिल होने से फैन्स काफी निराश है। लाल सिंह चड्ढा 11 अगस्त को रिलीज़ हो रही है और अक्षय कुमार की रक्षाबंधन से क्लैश कर ही है।


Click it and Unblock the Notifications