सलमान खान ने बॉक्स ऑफिस को लेकर दिया बड़ा बयान, "हिंदी फिल्मों को अब 500 करोड़, 1000 करोड़.."

Salman Khan On Box Office: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान हाल ही में गिप्पी ग्रेवाल की पंजाबी फिल्म 'मौजां ही मौजां' के ट्रेलर लॉन्च पर मौजूद रहे, जहां उन्होंने बॉक्स ऑफिस को लेकर काफी दिलचस्प बयान दिया है। सालों साल बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड कायम करने वाले दबंग खान ने कहा कि अब 100 करोड़ की कमाई बॉलीवुड फिल्मों के लिए बेंचमार्क नहीं होनी चाहिए।
बता दें, 100 करोड़ क्लब में सलमान खान की 16 फिल्में शामिल हैं, जो कि बॉलीवुड में अक्षय कुमार के अलावा किसी भी और एक्टर की तुलना में काफी ज्यादा है। लेकिन अब सुपरस्टार का मानना है कि 100 करोड़ अब सबसे निचला पैमाना है।
100 करोड़ अब बेंचमार्क नहीं रहा
गिप्पी ग्रेवाल की पिछली फिल्म ने दुनियाभर में 100 करोड़ का आंकड़ा पार किया था। जब सलमान खान से पूछा गया कि अब पंजाबी फिल्में भी 100 करोड़ का कलेक्शन करने लगी हैं। तो उन्होंने कहा, "मुझे तो ऐसा लगता है कि 100 करोड़ का आंकड़ा जो है, उसे अब बेंचमार्क नहीं माना जाना चाहिए। अब तो हर इंडस्ट्री की फिल्में 400, 500 और 600 करोड़ रुपए की कमाई करेंगी। पंजाबी इंडस्ट्री, हिंदी इंडस्ट्री के अलावा मराठी इंडस्ट्री की फिल्में भी बेहतरीन कमाई कर रही हैं। 100 करोड़ रुपए की कमाई करना अब बहुत बड़ी बात नहीं रही। अब हमें किसी भी फिल्म की कमाई का बेंचमार्क 1000 करोड़ रुपए मानकर चलना चाहिए।"
सलमान ने अपनी ही फिल्मों का बनाया मजाक
वहीं, मौजां ही मौजां के बारे में बात करते हुए गिप्पी ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी अच्छी कमाई करेगी, अब सलमान खान भी अनुमान लगा रहे हैं कि फिल्म का बिजनेस अच्छा रहेगा.. तो ऐसा ही होगा। इस पर सलमान ने चुटकी लेते हुए कहा, "मेरे पे मत जाना भाई, पिक्चर पे जाना, क्योंकि मेरे खुद के प्रेडिक्शन मेरी फिल्मों पर नहीं चल रहे।"
गौरतलब है कि 2023 की दिवाली पर सलमान खान की 'टाइगर 3' आ रही है। जिसे लेकर ट्रेड पंडितों ने अभी से अनुमान लगा लिया है कि फिल्म कम से कम 500 करोड़ का आंकड़ा पार करेगी।


Click it and Unblock the Notifications