सलमान की सफलता से खुश है बॉलीवुड
बॉलीवुड में इस समय अभिनेता सलमान खान छाए हुए हैं। एक्शन से भरपूर अपनी फिल्म 'वांटेड" की सफलता के बाद अभिनेता की तीन नई बड़े-बजट की फिल्में भी प्रदर्शन के लिए कतार में हैं। डेविड धवन से लेकर विपुल शाह तक मनोरंजन जगत के उनके सभी मित्र उनकी इस सफलता से खुश हैं।
प्रभु देवा के निर्देशन में बनी फिल्म 'वांटेड" ने प्रदर्शन के पहले ही सप्ताह में देशभर से 38 करोड़ रुपये की कमाई की है और उद्योग विशेषज्ञों का मानना है इस फिल्म का अच्छा व्यवसाय सलमान की आने वाली फिल्मों 'मैं और मिसेज खन्ना", 'लंदन ड्रीम्स" और 'वीर" के लिए भी मददगार साबित होगा।
सलमान के साथ आधा दर्जन से अधिक फिल्मों में काम कर चुके धवन ने कहा, "सलमान जानते हैं कि उन्हें कब और कौन सी फिल्म करनी है। वह 'वांटेड" को लेकर काफी उत्साहित थे और इसी वजह से उन्होंने फिल्म के प्रचार-प्रसार में हिस्सा लिया था।"
उन्होंने कहा, "पहले सप्ताहांत में हुए व्यवसाय को भूल जाएं क्योंकि ईद के चलते कम लोगों ने फिल्म देखी थी। पिक्चर हॉल के अंदर दर्शकों की प्रतिक्रिया जबरदस्त थी।"
निर्देशक जोड़ी अब्बास-मस्तान के अब्बास बर्मावाला ने कहा, "हाल ही में सलमान की दो-तीन असफल फिल्में आने की वजह से लोगों को लगने लगा था कि अब उनमें दम नहीं बचा। वे लोग गलत थे क्योंकि सलमान सफलता और असफलता से बाहर हैं।"
30 अक्टूबर को प्रदर्शित होने वाली फिल्म 'लंदन ड्रीम्स" के लिए सलमान के साथ काम कर रहे विपुल शाह कहते हैं कि वह खुश हैं कि इस साल सलमान की तीन फिल्में प्रदर्शित हो रही हैं और उन्हें 'वांटेड" से अच्छी शुरूआत मिली है।
सलमान के साथ एक दशक से जुड़े रहे गायक हिमेश रेशमिया कहते हैं, "सलमान सुपरस्टार थे, हैं और रहेंगे।"


Click it and Unblock the Notifications