"सलमान खान ने बिना बताए मुझे गोद में उठा लिया, मैं हैरान रह गई", हम आपके हैं कौन एक्ट्रेस ने शेयर किया किस्सा

Himani Shivpuri on Salman Khan: फिल्म 'हम आपके हैं कौन' की रिलीज को भले ही 29 साल गुजर चुके हैं, लेकिन सूरज बड़जात्या की सदाबहार क्लासिक के सेट की कहानियां कभी पुरानी नहीं होती हैं। खासकर अगर फिल्म से जुड़े कलाकार ही उन्हें शेयर करते हों। हाल ही में एक्ट्रेस हिमानी शिवपुरी ने भी एक ऐसा ही किस्सा शेयर किया है।
फिल्म में रजिया का किरदार निभाने वालीं एक्ट्रेस हिमानी शिवपुरी ने अपने को-स्टार्स सलमान खान और अनुपम खेर को सबसे बड़ा प्रैंकस्टर बताया है। फिल्म में उनके और सलमान के बीच काफी सीन्स थे। जहां सलमान शरारत करते दिखते थे।
बिना बताए सलमान ने गोद में उठा लिया
इन्हीं में एक सीन के दौरान सलमान खान ने अचानक बिना बताए उन्हें गोद में उठा लिया था। इस बारे में बात करते हुए हिमानी शिवपुरी कहती हैं, "सलमान सबसे बड़ा प्रैंकस्टर था। पहला सीन था जहां मैं आती हूं। सूरज जी ने बताया कि ऐसा-ऐसा सीन है। मैं आई, फिर सलमान की एंट्री हुई। वो आराम से आया, बोला "चाचीजान" और मुझे गोद में उठा लिया। मैं हैरान रह गई थी। हम लोग ड्रामा के लोग हैं। हर चीज़ की रीहर्सल होती है। इसलिए ये एकदम से चौंकाने वाला था"
एक्ट्रेस ने आगे कहा, "लेकिन सूरज बड़जात्या जी को वो पसंद आया और उन्होंने वो सीन फिल्म में रख लिया। सलमान के इम्प्रोवाइज़ेशन के साथ एक्टिंग करती रही।"
दूसरी बार मैं तैयार थी, मुझे पता था ये ऐसा कुछ करेगा
फिल्म के एक दूसरे सीन के बारे में बात करते हुए हिमानी शिवपुरी कहती हैं, "जब रेणुका शहाणे और मोहनीश बहल के किरदार पेरेंट्स बनते हैं। उस सीन में रज़िया ही डॉक्टर थीं जो वो परिवार वालों को खुशखबरी देने आती हैं। तब दूसरी बार सलमान ने मुझे उठाया, तब मैं तैयार थी कि ये करेगा ऐसा कुछ। ये स्क्रिप्ट का हिस्सा नहीं था, लेकिन इस बार मैं तैयार थी.."
एक्ट्रेस ने कहा, वो एक मजेदार समय था क्योंकि हम सब एक परिवार की तरह रहे थे। बता दें, हम आपके हैं कौन लंबे समय तक बॉलीवुड की सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्म बनी रही थी।


Click it and Unblock the Notifications












