Pk पर आमिर का साथ देना सलमान को पड़ा भारी, लव जिहाद से भड़के हिंदू?
फिल्मों का विरोध इस नए साल का नया ट्रेंड मालूम पड़ रहा है। छोटी सी बात को खींच कर हिंदुत्व के नाम पर पीके प्रपंच काफी दिनों से चल रहा है। राजकुमार हीरानी को वैसे भी धर्म पर चोट करने के लिए तथाकथित धार्मिकों ने काफी कुछ सुनाया तो आमिर पर आरोप लगाया गया कि मुस्लिम होने के नाते उन्होंने हिंदु मान्यताओं का मज़ाक उड़ाया। हालांकि पूरी इंडस्ट्री ने आमिर और राजू का साथ दिया है लेकिन अब ऐसा लग रहा है कि सलमान खान को आमिर का साथ देना भारी पड़ सकता है।
हिंदूवादियों ने सलमान खान पर निशाना साध लिया है उनकी आने वाली फिल्म बजरंगी भाईजान को लेकर। कुछ गुटों ने ये साफ कर दिया है कि वो किसी भी कीमत पर बजरंगी भाईजान जैसी फिल्म बर्दाश्त नहीं करेंगे। फिल्म के डायरेक्टर कबीर खान ने बताया कि उन्हें लगातार धमकी भरे संदेश मिल रहे हैं।
गौरतलब है कि कुछ लोगों का मानना है कि बजरंगी भाईजान लव जिहाद के संवेदनशील मुद्दे पर बनी है। फिल्म में करीना एक हिंदु ब्राह्मण लड़की का किरदार निभा रही हैं वहीं सलमान एक मुस्लिम लड़के का और फिल्म लव जिहाद को बढ़ावा देती है। वहीं इन विरोध दलों ने ये भी साफ किया है कि फिल्म का नाम बजरंगी भाईजान भी मखौल उड़ाने जैसा है।
वहीं कबीर खान ने साफ कर दिया है कि वो किसी भी कीमत पर बजरंगी भाईजान में कोई बदलाव नहीं करेंगे। फिल्म इस साल ईद के मौके पर बिल्कुल वैसे ही रिलीज़ होगी जैसे कि तय हुई है। अब देखना ये है कि क्या ये फिल्म फिर से विरोध की चिंगारी भड़का देगी।


Click it and Unblock the Notifications












