सलमान खान ने दी अपनी फिल्म के इस गाने को अपनी आवाज !

शाहरुख खान की तरह ही कई सालों तक फिल्मी पर्दे से गायब रहने के बाद इस साल अपनी फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' के साथ फिर से वापसी करने वाले हैं। यह फिल्म ईद पर रिलीज होने वाली है जिसका भाईजान के फैंस बड़ी ही बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। फिल्म 'पठान' में सलमान खान टाइगर के कैमियो रोल में नजर आए थे, जिसमें शाहरुख खान के साथ जुगलबंदी देखकर फैंस सिनेमा हॉल में सिटियां बजाए बिना नहीं रह सके थे। अब ईद पर अपनी अगली फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' से भाईजान एक बार फिर से अपने फैंस को चौंकाने आ रहे हैं।
सलमान खान की फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' का पहला गाना नईयो लगदा भी रिलीज हो चुका है। मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के अनुसार इस गाने के एक और वर्जन को सलमान खान खुद गाने वाले हैं। इस गाने का म्यूजिक हिमेश रेशमिया ने दिया है। इस गाने में पूजा हेगड़े संग सलमान खान रोमांस करते नजर आ रहे हैं। हालांकि सलमान खान की आवाज में इस गाने के नये वर्जन के बारे में फिल्म के मेकर्स ज्यादा जानकारी नहीं देना चाहते हैं। बताया जाता है कि ईद के समय अपने फैंस को यह गाना बतौर ईदी देना चाहते हैं। फिल्म को रिलीज करने से ठीक पहले इस गाने को रिलीज किया जा सकता है।
ऐसा पहला मौका नहीं है, जब सलमान खान ने अपनी आवाज में फिल्म में कोई गाना गाया है। इससे पहले भी कई बार सलमान खान ने गायक की कमान संभाली है। साल 2014 में रिलीज हुई फिल्म 'किक' के गाने 'हैंगओवर' का हैंगओवर अभी तक किसी का नहीं उतरा है। इसके अगले साल ही खुद के प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले बनी फिल्म 'हीरो' के टाइटल ट्रैक के एक वर्जन को भी सलमान खान ने गाया था। इस गाने को सलमान खान के साथ-साथ अरमान मलिक ने भी गाया था। सलमान खान का गानों के प्रति लगाव जगजाहिर है। लता मंगेशकर के निधन के बाद सलमान खान ने उनके गाने की कुछ लाइनें गाकर इसका वीडियो बनाया था जिसे उन्होंने सोशल मीडिया पर अपलोड किया था।


Click it and Unblock the Notifications

