सलमान खान और कैटरीना कैफ की 'टाइगर 3' ने लॉक किया ईद 2023- शानदार टीजर के साथ ऐलान
बॉलीवुड फैंस को इन दिनों बैक टू बैक धमाकेदार सरप्राइज मिल रहे हैं। शाहरुख खान की 'पठान' के बाद अब यशराज फिल्म्स ने अब सलमान खान और कैटरीना कैफ स्टारर फिल्म 'टाइगर 3' की घोषणा भी कर दी है। लंबे समय से फैंस इस फिल्म के अनाउंसमेंट का इंतजार कर रहे थे। मनीष शर्मा के निर्देशन में बन रही ये फिल्म ईद 2023 यानि की 21 अप्रैल को रिलीज होने वाली है।
टाइगर 3 हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषा में रिलीज होने वाली है। मेकर्स ने एक छोटे से टीजर से साथ फिल्म की घोषणा की है। इस टीजर में कैटरीना शानदार एक्शन करती दिख रही हैं, जबकि सलमान के स्वैग की झलक भी दिखी है।

यशराज फिल्म्स ने टाइगर 3 का ऐलान करते हुए लिखा- Tiger. Ready. To. Roar. Again. In cinemas on Eid 2023. Releasing in Hindi, Tamil and Telugu. Celebrate #Tiger3 with #YRF50 only at a big screen near you on 21st April 2023.
बता दें, बीते दिन ही सलमान खान ने अपनी अन्य फिल्म 'कभी ईद कभी दिवाली' के रिलीज डेट की घोषणा की है। ये फिल्म पहले ईद पर आने वाली थी, लेकिन उसे प्रीपोन कर अब 30 दिसंबर 2022 को ही रिलीज किया जा रहा है। जबकि ईद पर आएगी टाइगर 3।

सुपरहिट फ्रैंचाइजी
टाइगर 3 यशराज फिल्म्स की 'टाइगर' फ्रैंचाइजी की तीसरी फिल्म है। इससे पहले एक था टाइगर और टाइगर जिंदा है फिल्में ब्लॉकबस्टर हिट थीं। इस फ्रैंचाइजी में, सलमान भारतीय जासूस अविनाश सिंह 'टाइगर' राठौर की भूमिका निभा रहे हैं, और कैटरीना हैं पाकिस्तानी जासूस जोया हुमैमी।

स्टारकास्ट
कोई शक नहीं कि टाइगर 3 में सलमान खान और कैटरीना कैफ की सिज़लिंग कैमिस्ट्री और दमदार एक्शन देखने के लिए फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे होंगे। लेकिन इस बार इन दो सितारों के साथ, फिल्म में इमरान हाशमी भी एक महत्वपूर्ण भूमिका में दिखाई देंगे। अगर खबरों की माने तो वह विलेन की भूमिका निभा रहे हैं।

फिल्म की शूटिंग
रूस, तुर्की, ऑस्ट्रिया और मुंबई में शूटिंग करने के बाद, सलमान और कैटरीना दिल्ली के रियल लोकेशंस पर शूटिंग कर रहे हैं। फिल्म की सीक्रेसी को बरकरार रखने के लिए मेकर्स ने लोकेशंस पर हाई लेवल की सिक्यूरिटी का इंतजाम किया है।

टाइगर vs टाइगर
रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म में इमरान हाशमी पाकिस्तान के 'टाइगर' का रोल अदा करते दिखेंगे, जिसका सामना पूर्व रॉ एजेंट अविनाश राथौड़ उर्फ 'टाइगर' से होगा।
जिस तरह 'टाइगर जिंदा है' में सलमान- कैटरीना का मिशन खाड़ी देशों में था, 'टाइगर 3' में दोनों यूरोपीय देशों में मिशन पूरा करते नजर आएंगे। इस फिल्म की शूटिंग काफी बड़े स्तर पर की गई है।

सबसे मंहगा गाना
तुर्की में सलमान खान और कैटरीना कैफ पर फिल्म का एक रोमांटिक गाना फिल्माया गया है, जो बॉलीवुड का अब तक का सबसे मंहगा गाना माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार इस गाने का बजट 3 करोड़ है।

शाहरुख खान का कैमियो
रिपोर्ट्स की मानें तो इस फिल्म में शाहरुख खान एक छोटा सा लेकिन अहम कैमियो निभाते नजर आएंगे। फिल्म में उनका किरदार 'पठान' दिखेगा। बताया जा रहा है कि जहां फिल्म पठान खत्म होगी, वहीं से टाइगर 3 की शुरुआत होगी। लिहाजा, पठान के क्लाईमैक्स में सलमान अपने टाइगर किरदार में दिखेंगे।


Click it and Unblock the Notifications