सलमान खान स्टारर 'कभी ईद कभी दिवाली' के रिलीज डेट का ऐलान, नए साल पर होगा बॉक्स ऑफिस धमाका
शाहरुख खान की पठान के बाद अब सलमान खान ने भी अपने फैंस को बड़ा सरप्राइज दिया है। अभिनेता ने अपनी आगामी फिल्म 'कभी ईद कभी दिवाली' के नए रिलीज डेट की घोषणा की है। साजिद नाडियाडवाला के बैनर तले बन रही ये फिल्म अब ईद 2023 नहीं, बल्कि 30 दिसंबर 2022 को ही सिनेमाघरों में रिलीज हो जाएगी। फिल्म में सलमान खान के साथ मुख्य भूमिका में दिखेंगी पूजा हेगड़े।
सलमान फैंस के लिए यह किसी सेलिब्रेशन से कम नहीं है क्योंकि सुपरस्टार के जन्मदिन (27 दिसंबर) वाले हफ्ते ही फिल्म भी रिलीज हो रही है। रिपोर्ट्स की मानें तो अप्रैल से फिल्म फ्लोर पर चली जाएगी और सितंबर तक इसकी शूटिंग चलेगी। फिर पोस्ट प्रोडक्शन पर काम किया जाएगा। फिल्म के निर्देशक हैं फरहाद सामजी।

लॉकडाउन की वजह से फिल्म में काफी देरी हुई है। इस बीच फिल्म के नाम बदलने की खबरें भी आ रही थीं। बताया जा रहा था कि 'कभी ईद कभी दिवाली' की जगह इसका नाम है 'भाईजान'.. लेकिन फिलहाल प्रोडक्शन हाउस की तरफ से ऐसी कोई घोषणा नहीं की गई है।

पारिवारिक फिल्म
'कभी ईद कभी दिवाली' एक पारिवारिक हंसी खुशी और इमोशन वाली फिल्म है। मेकर्स का मानना है कि न्यू ईयर इसकी रिलीज के लिए परफेक्ट समय होगा।सलमान खान की यह फिल्म देश की एकता और भाईचारे का संदेश देगी।

एक्शन फिल्मों से ब्रेक
खास बात ये भी है कि इस फिल्म के साथ सलमान खान एक्शन फिल्मों से ब्रेक भी लेते नजर आएंगे। रेस 3, दबंग 3, अंतिम, राधे जैसी लगातार एक्शन फिल्में करने के बाद.. 'कभी ईद कभी दिवाली' फैंस के लिए कुछ अलग होगा। यह एक पारिवारिक ड्रामा है।

बैक टू बैक फिल्में
राधे खत्म करने के बाद ही सलमान खान ने टाइगर 3 पर काम शुरु कर दिया था। वहीं, टाइगर के बाद साजिद नाडियाडवाला की 'कभी ईद कभी दिवाली' पर काम शुरु करने की प्लानिंग है। हालांकि, कोरोना लॉकडाउन की वजह से फिल्मों की शूटिंग और रिलीज में काफी बदलाव देखने को मिले हैं।

ईद 2023 रिलीज
अब जबकि 'कभी ईद कभी दिवाली' न्यू ईयर पर रिलीज हो रही है। माना जा रहा है कि ईद पर सलमान अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'टाइगर 3' लेकर आएंगे। यशराज फिल्म्स ने पठान की घोषणा कर दी है, जो कि 25 जनवरी 2023 को आ रही है। लिहाजा, अब टाइगर 3 के ईद पर आने का ऐलान भी जल्द किया जा सकता है।


Click it and Unblock the Notifications











