मैं काफी बदल गया हूं, फिर से 'प्रेम' बनना काफी मुश्किल है : सलमान खान
सलमान खान और 'प्रेम' का किरदार कुछ अलग नहीं लगता। लेकिन बॉलीवुड के प्रेम यानि की सलमान खान अब मानते हैं कि वह काफी बदल गए हैं और फिर से प्रेम बनना उन्हें काफी मुश्किल लग रहा है। आपको बता हैं, सूरज बड़जात्या की आगामी फिल्म 'प्रेम रतन धन पायो' में सलमान एक फिर बड़े पर्दे पर प्रेम बने नजर आएंगे।

सलमान खान ने कहा कि, सूरज बड़जात्या के साथ लगभग 13 सालों के बाद काम कर रहा हूं और अब वापस प्रेम बनने में बहुत दिक्कत हो रही है। लिहाजा, इस फिल्म में प्रेम का किरदार निभाना मेरे लिए सबसे मुश्किल कामों में से एक है। मैं काफी बदल चुका हूं। अब मुझमें वो प्रेम वाली मासूमियत और सच्चाई नहीं रही।
एक अंग्रेजी पोर्टल से बात करते हुए सलमान ने माना कि, मैं अपनी सारी फिल्मों को एक तरफ रखता हूं और प्रेम रतन धन पायो को एक तरफ। वापस प्रेम बनने के लिए मुझे काफी कुछ भूलना पड़ेगा, वर्ना प्रेम बनने की कोशिश मेरी शक्ल, मेरे भाव में साफ दिखाई देगी। जो मैं नहीं चाहता।
गौरतलब है कि, सूरज बड़जात्या ने ही बड़े पर्दे पर 'प्रेम' के किरदार को जन्म दिया है, जिस कारण सलमान इस नाम से भी काफी पॉपुलर हो गए हैं। सलमान मैंने प्यार किया, हम आपके हैं कौन, हम साथ साथ हैं, अंदाज अपना अपना, जुडवां, नो एंट्री, बीवी नंबर वन जैसी दर्जन भर फिल्मों में अब तक प्रेम का किरदार निभा चुके हैं। लिहाजा, बॉलीवुड में सलमान का दूसरा नाम प्रेम ही माना जाता है।
बहरहाल, सलमान फैंस 'प्रेम रतन धन पायो' में फिर से प्रेम को देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। आपको बता दें, इस फिल्म में सलमान खान डबल रोल में दिखेंगे।


Click it and Unblock the Notifications