कोरोना के बीच सलमान खान की सबसे बड़ी डील - ज़ी स्टूडियो को करोड़ों में बिकी राधे योर मोस्ट वांटेड
सलमान खान की राधे का इंतज़ार, 2020 की शुरूआत से हो रहा था। ये फिल्म ईद पर अक्षय कुमार की लक्ष्मी के साथ क्लैश होने वाली थी और दर्शक ये घमासान देखने को बेचैन थे। लेकिन फिर कोरोना ने सारे समीकरण बदल दिए। इसके बाद अक्षय कुमार की लक्ष्मी, डिज़्नी हॉटस्टार पर बेच दी गई लेकिन सलमान राधे की OTT रिलीज़ के लिए नहीं माने।
अब खबर है कि सलमान खान ने कोरोना काल में बॉलीवुड की सबसे बड़ी डील क्रैक की है। उनकी फिल्म राधे, ज़ी स्टूडियो ने 230 करोड़ में खरीद ली है। इस डील के तहत सलमान खान ने राधे के सैटेलाइट, डिजिटल, डिस्ट्रीब्यूशन और म्यूज़िक राइट्स ज़ी को बेच दिए हैं।

लेकिन अभी ये तय नहीं किया गया है कि फिल्म सीधा ज़ी 5 पर रिलीज़ की जाएगी या फिर इसे थियेटर रिलीज़ मिलेगी। गौरतलब है कि पहले, राधे योर मोस्ट वांटेड भाई का डिस्ट्रीब्यूशन यशराज फिल्म्स के पास था। लेकिन ज़ी के पास अब फिल्म को लेकर सारे अधिकार होंगे।
गौरतलब है कि ज़ी 5 इस साल, ईशान खट्टर और अनन्या पांडे की फिल्म खाली पीली अपने Pay Per View मल्टीप्लेक्स में रिलीज़ कर चुका है जहां लोगों ने पैसे देकर ज़ी 5 पर ये फिल्म देखी। अब अगर राधे के साथ भी ऐसा होता है, खासतौर से ईद पर तो ज़ी 5 बंपर कमाई करने वाला है।
सलमान खान पहले ही राधे की ईद रिलीज़ को लेकर साफ कर चुके हैं कि अगर हालात ठीक रहे तो ही फिल्म थियेटर तक पहुंचेगी। ऐसे में ज़ी स्टूडियो के साथ सलमान खान की ये डील बेहद मुनाफे भरा सौदा साबित होगा।


Click it and Unblock the Notifications
