Salman Khan के घर फायरिंग को लेकर आया बड़ा अपडेट, इस आरोपी के खिलाफ निकला नॉन बेलेबल वॉरेन्ट

Salman Khan House Firing Case Update: विशेष अदालत ने शुक्रवार को बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित आवास के बाहर गोलीबारी से संबंधित मामले में जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी किया।
बिश्नोई गैंग के कथित सदस्य रोहित गोदेरा के खिलाफ भी वारंट जारी किया गया। 14 अप्रैल की गोलीबारी की घटना के संबंध में इस महीने की शुरुआत में मुंबई पुलिस की चार्जशीट में गोदेरा और अनमोल के साथ लॉरेंस बिश्नोई को फरार आरोपी के रूप में दिखाया गया है। लॉरेंस बिश्नोई इस वक्त अहमदाबाद की साबरमती सेंट्रल जेल में बंद है। पुलिस के अनुसार, अनमोल और गोदेरा के कनाडा में होने की संभावना है।
अभियोजन पक्ष(Prosecution) की अर्जी मंजूर करते हुए महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका)(Maharashtra Control of Organised Crime Act) मामलों के स्पेशल जज न्यायाधीश बी डी शेलके ने अनमोल और गोदेरा के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया। इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
विक्की गुप्ता और सागर पाल ने कथित तौर पर 14 अप्रैल की सुबह सलमान के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर गोलियां चलाईं। सोनू कुमार बिश्नोई, मोहम्मद रफीक चौधरी और हरपाल सिंह के साथ ये दोनों फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। एक अन्य आरोपी अनुजकुमार थापन ने कथित तौर पर पुलिस हिरासत में आत्महत्या कर ली थी।


Click it and Unblock the Notifications