सलमान खान ने 'टाइगर 3' के रिलीज डेट का किया ऐलान, ईद 2023 पर होगा बॉक्स ऑफिस धमाका
साल 2022 की ईद पर सलमान खान फैंस ने सुपरस्टार को काफी मिस किया। लेकिन अब अपने फैंस को एक बड़ा सरप्राइज देते हुए दबंग खान ने अपनी आगामी फिल्म 'टाइगर 3' के रिलीज डेट का ऐलान किया है। खास बात है कि 15 अगस्त 2022 को टाइगर फ्रैंजाइजी के 10 साल पूरे हुए हैं। जिस मौके पर सलमान ने टाइगर 3 की रिलीज़ की तारीख शेयर की।
Recommended Video
सलमान खान और कैटरीना कैफ स्टारर 'टाइगर 3' 21 अप्रैल 2023 को रिलीज होगी। यशराज बैनर तले बन रही इस फिल्म के निर्देशक हैं मनीष शर्मा। मेकर्स ने 'एक था टाइगर' के 10 साल पूरे होने पर एक टीजर भी रिलीज किया है।

सलमान खान ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक था टाइगर और टाइगर जिंदा है के साथ अपने सफर की एक झलक साझा करते हुए लिखा, "#10YearsOfEkThaTiger...और यात्रा जारी है। ईद 2023 पर #Tiger3 के लिए तैयार हो जाइए। #Tiger3 को #YRF50 के साथ 21 अप्रैल 2023 को केवल अपने नजदीकी बड़े पर्दे पर मनाएं। हिंदी में रिलीज , तमिल और तेलुगु।

तीन भाषाओं में रिलीज
टाइगर 3 हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषा में रिलीज होने वाली है। कुछ महीने पहले ही मेकर्स ने इस फिल्म की एक छोटी सी झलक रिलीज की थी,कैटरीना शानदार एक्शन करती दिख रही हैं, जबकि सलमान के स्वैग की झलक भी दिखी है।

सुपरहिट फ्रैंचाइजी
टाइगर 3 यशराज फिल्म्स की 'टाइगर' फ्रैंचाइजी की तीसरी फिल्म है। इससे पहले एक था टाइगर और टाइगर जिंदा है फिल्में ब्लॉकबस्टर हिट थीं। इस फ्रैंचाइजी में, सलमान भारतीय जासूस अविनाश सिंह 'टाइगर' राठौर की भूमिका निभा रहे हैं, और कैटरीना हैं पाकिस्तानी जासूस जोया हुमैमी।

स्टारकास्ट
कोई शक नहीं कि टाइगर 3 में सलमान खान और कैटरीना कैफ की सिज़लिंग कैमिस्ट्री और दमदार एक्शन देखने के लिए फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे होंगे। लेकिन इस बार इन दो सितारों के साथ, फिल्म में इमरान हाशमी भी एक महत्वपूर्ण भूमिका में दिखाई देंगे। अगर खबरों की माने तो वह विलेन की भूमिका निभा रहे हैं।

फिल्म की शूटिंग
फिल्म की शूटिंग रूस, तुर्की, ऑस्ट्रिया, मुंबई और दिल्ली में की गई है। फिल्म की सीक्रेसी को बरकरार रखने के लिए मेकर्स ने लोकेशंस पर हाई लेवल की सिक्यूरिटी का इंतजाम किया था। हालांकि कुछ लुक्स लीक हुए हैं।
तुर्की में सलमान खान और कैटरीना कैफ पर फिल्म का एक रोमांटिक गाना फिल्माया गया है, जो बॉलीवुड का अब तक का सबसे मंहगा गाना माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार इस गाने का बजट 3 करोड़ है।

टाइगर vs टाइगर
रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म में इमरान हाशमी पाकिस्तान के 'टाइगर' का रोल अदा करते दिखेंगे, जिसका सामना पूर्व रॉ एजेंट अविनाश राथौड़ उर्फ 'टाइगर' से होगा।
जिस तरह 'टाइगर जिंदा है' में सलमान- कैटरीना का मिशन खाड़ी देशों में था, 'टाइगर 3' में दोनों यूरोपीय देशों में मिशन पूरा करते नजर आएंगे। इस फिल्म की शूटिंग काफी बड़े स्तर पर की गई है।

शाहरुख खान का कैमियो
इस फिल्म में शाहरुख खान एक छोटा सा लेकिन अहम कैमियो निभाते नजर आएंगे। फिल्म में उनका किरदार 'पठान' दिखेगा। बताया जा रहा है कि जहां फिल्म पठान खत्म होगी, वहीं से टाइगर 3 की शुरुआत होगी। लिहाजा, पठान के क्लाईमैक्स में सलमान अपने टाइगर किरदार में दिखेंगे।


Click it and Unblock the Notifications











