नो एंट्री सीक्वल: ट्रिपल रोल में होंगे सलमान खान, बाप भी बेटा भी, जानिए फिल्म की डीटेल्स
सलमान खान ने हाल ही में नो एंट्री सीक्वल कंफर्म करते हुए बताया था कि ये फिल्म साजिद नाडियाडवाला की फिल्म कभी ईद कभी दिवाली के बाद शुरू होगी। अब इस फिल्म पर कई और डीटेल्स बाहर आई हैं। पिंकविला की एक रिपोर्ट की मानें तो नो एंट्री 2 अनीस बज़्मी डायरेक्ट करेंगे और इस फिल्म में सलमान खान, अनिल कपूर और फरदीन खान ट्रिपल रोल में दिखाई देंगे।
नो एंट्री सीक्वल में सलमान खान का एक किरदार पहली फिल्म वाला प्रेम होगा और बाकी के दो किरदार प्रेम के जुड़वा बच्चे होंगे। अनिल कपूर और फरदीन खान के किरदार भी ठीक इसी तरह होंगे।

गौरतलब है कि सलमान खान 2011 में आई फिल्म रेडी के बाद विशुद्ध कॉमेडी फिल्म करने जा रहे हैं। हालांकि बीच बीच में उनके किरदारों में कॉमेडी का फ्लेवर देखने को मिला जिसमें दबंग का चुलबुल पांडे भी ऐसा ही किरदार था। लेकिन पूरी तरह से कॉमेडी फिल्म में सलमान खान लगभग 10 सालों बाद दिखाई देंगे।

कौन होगी हीरोइन
फिल्म में 10 हीरोइनों की कास्टिंग करना अभी बाकी है। फिल्म से डेज़ी शाह का नाम जुड़ रहा था लेकिन फिलहाल इस खबर का खंडन कर दिया गया है। माना जा रहा है कि फिल्म में 10 हीरोइनें होंगी जिनमें से 9 तो सलमान, अनिल और फरदीन के तीन तीन किरदारों के लिए होंगी। वहीं दसवीं हीरोइन का किरदार पहली फिल्म में बिपाशा के किरदार जैसा होगा जो फिल्म में सारा कन्फ्यूजन बनाएगी। माना जा रहा है कि इस किरदार के लिए किसी बड़ी ए लिस्ट एक्ट्रेस को अप्रोच किया जाएगा।

काफी समय से अटकी पड़ी थी फिल्म
नो एंट्री सीक्वल काफी लंबे समय से अटकी पड़ी थी। इसका मुख्य कारण था सलमान खान का बोनी कपूर के साथ मनमुटाव जिसके बाद सलमान खान इस फिल्म में कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहे थे और ना ही इसके लिए कोई डेट दे रहे थे। नौबत यहां तक आ गई थी कि बोनी कपूर ने झल्ला कर मीडिया को कह दिया था कि उन्हें नहीं पता कि सलमान खान ये फिल्म करेंगे तो कब करेंगे और करेंगे भी या नहीं।

बदली कास्टिंग की चर्चा
सलमान खान के इंतज़ार से फिल्म के डायरेक्टर अनीस बज़्मी भी तंग आ चुके थे। अनीस बज़्मी काफी समय से इस फिल्म की स्क्रिप्ट के साथ तैयार थे और इसलिए वो इसमें ज़्यादा देर नहीं लगाना चाहते थे। इसलिए खबरें आईं कि अनीस बज़्मी और बोनी कपूर इस फिल्म के सीक्वल को अर्जुन कपूर और रणवीर सिंह के साथ रीमेक करने की तैयारी शुरू कर चुके हैं। लेकिन ये सारी खबरें महज़ अफवाह ही निकली।

अक्षय का भी जुड़ा नाम
सलमान खान के डेट ना देने के बाद फिल्म से अक्षय कुमार का नाम भी जुड़ा। माना गया कि अनीस बज़्मी ने इस फिल्म के सीक्वल के साथ अक्षय कुमार को अप्रोच किया लेकिन अक्षय कुमार भी इसमें ज़्यादा दिलचस्पी दिखाते नज़र नहीं आए। वहीं फिल्म के सीक्वल की तैयारी 2016 से की जा रही थी।

ऋतिक ने किया खंडन
नो एंट्री सीक्वल से ऋतिक रोशन का नाम भी जुड़ा। ऋतिक ने इस खबर को बकवास बताकर इसका खंडन किया वहीं अनीस बज़्मी ने भी सफाई देते हुए कहा कि जब ये फिल्म सलमान खान की है तो मैं किसी और एक्टर को इस फिल्म के लिए क्यों अप्रोच करूंगा। आखिरकार, नो एंट्री की पूरी टीम ने संयम के साथ सलमान खान की डेट्स का इंतज़ार किया और अब ये फिल्म फ्लोर पर जाने को तैयार है।

पहली बार ट्रिपल रोल
सलमान खान नो एंट्री सीक्वल के साथ पहली बार ट्रिपल रोल में दिखेंगे। हालांकि, अपने करियर में सलमान खान कई बार डबल रोल में दिखाई दे चुके हैं और इनमें से कुछ फिल्में सुपरहिट रही हैं। जुड़वा से लेकर प्रेम रतन धन पायो तक सलमान खान कई बार डबल रोल में दिखाई दिए। अब देखना है कि नो एंट्री में उनका ट्रिपल रोल कितना धमाका कर पाता है।


Click it and Unblock the Notifications











