टाइगर 3 के ट्रेलर को मिला दर्शकों से शानदार रिस्पॉस, सलमान खान और कैटरीना कैफ ने दिया रिएक्शन!

Tiger 3: सलमान खान और कैटरीना कैफ स्पाई यूनिवर्स फिल्म टाइगर 3 में एक बार फिर टाइगर और ज़ोया के किरदार में धूम मचाने को तैयार हैं। फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों से काफी जबरदस्त रिस्पॉस मिल रहा है। सोशल मीडिया पर सलमान, कैटरीना और इमरान हाशमी के किरदारों की काफी चर्चा हो रही है।
फिल्म के ट्रेलर को मिल रही प्रतिक्रिया देखकर सलमान और कैटरीना बेहद रोमांचित हैं। सलमान कहते हैं, "मुझे लगता है कि टाइगर 3 के ट्रेलर की प्रतिक्रिया के रूप में आज हम जो देख रहे हैं वह वाकई आउटस्टैडिंग है। मैं भाग्यशाली रहा हूं कि मुझे अपने करियर में ऐसी फिल्में मिलीं, जिनसे मुझे बहुत प्यार मिला। लेकिन ट्रेलर लॉन्च के बाद इतनी सराहना पाना और इतना उत्साह देखना वास्तव में एक खास एहसास है।"
मुझे और कैटरीना को साथ देखकर खुश होंगे फैंस
वह आगे कहते हैं, "मुझे खुशी है कि लोग सिनेमाघरों में टाइगर 3 देखने के लिए बेहद उत्साहित हैं। मैं वास्तव में इस बात से भी प्रभावित हूं कि लोगों ने मुझे और कैटरीना को जोया और टाइगर के रूप में वापस देखने पर कैसी प्रतिक्रिया दी है। मुझे पता है कि ये दो सुपर-एजेंट दर्शकों के दिलों में एक विशेष स्थान रखते हैं और मुझे खुशी है कि टाइगर 3 के ट्रेलर के साथ हम उनकी उम्मीदों पर खरे उतरे हैं। लोग हम दोनों को कंधे से कंधा मिलाकर अपने दुश्मनों से मुकाबला करते हुए देखकर बहुत खुश होंगे।"
टाइगर 3 में पूरी टीम ने अपना सब कुछ झोंक दिया
कैटरीना कहती हैं, "टाइगर 3 के ट्रेलर को जो प्रतिक्रिया मिली है, उसे देखना अविश्वसनीय है। यह बेहद खास है क्योंकि पूरी टीम ने टाइगर 3 को एक एक्शन ड्रामा बनाने के लिए अपना सब कुछ झोंक दिया है। यह टाइगर फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है और मैं टाइगर 3 से लोगों की भारी उम्मीदों से अच्छी तरह वाकिफ हूं।"
वह आगे कहती हैं, "टाइगर और जोया एक ही पहेली के दो टुकड़े हैं। मैं यह देखकर रोमांचित हूं कि लोग कैसे इन दोनों जासूसों को फिर से काम करते हुए देखने के लिए उत्साहित हैं। अगर लोगों को ट्रेलर इतना पसंद आया है, तो मैं विश्वास के साथ कह सकती हूं कि फिल्म में जो दिखाया गया है, उससे वे दंग रह जाएंगे!''
मनीष शर्मा द्वारा निर्देशित, टाइगर 3 इस दिवाली, 12 नवंबर, रविवार को हिंदी, तमिल और तेलुगु में रिलीज़ होने के लिए तैयार है।


Click it and Unblock the Notifications